जाम से जूझते डुमरांव में पुलिस का एक्शन प्लान लागू
लगातार जाम और अव्यवस्थित यातायात की समस्या से परेशान डुमरांव शहर में अब पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए रविवार को थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात होमगार्ड जवानों के साथ विशेष बैठक कर स्पष्ट निर्देश जारी किए।


--चौक-चौराहों पर बढ़ी सख्ती, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी; लोगों से भी मांगा सहयोग
केटी न्यूज/डुमरांव
लगातार जाम और अव्यवस्थित यातायात की समस्या से परेशान डुमरांव शहर में अब पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए रविवार को थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात होमगार्ड जवानों के साथ विशेष बैठक कर स्पष्ट निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि शहर में जाम की समस्या किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले जवानों पर सख्त कार्रवाई होगी।बैठक में शहर के उन इलाकों को चिन्हित किया गया, जहां रोजाना सबसे अधिक जाम की स्थिति बनती है। इसके तहत गोला रोड, महरौरा मोड़, स्टेट बैंक के समीप और गुरु ट्रेनिंग स्कूल के आसपास अतिरिक्त निगरानी बढ़ाई गई है।

इन भीड़भाड़ वाले स्थानों पर दो-दो जवानों की विशेष तैनाती की गई है, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारू बनी रहे और लोगों को घंटों जाम में न फंसना पड़े।थानाध्यक्ष ने जवानों को निर्देश दिया कि वे केवल ड्यूटी प्वाइंट पर मौजूद रहने तक सीमित न रहें, बल्कि सड़क पर उतरकर यातायात संचालन को नियंत्रित करें। जरूरत पड़ने पर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को भी कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारना पुलिस की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।पुलिस प्रशासन का मानना है कि शहर में बढ़ते वाहनों और गलत पार्किंग की वजह से जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। खासकर बाजार और बैंकिंग क्षेत्र के आसपास दिनभर अव्यवस्था बनी रहती है।

ऐसे में अब पुलिस की नजर उन लोगों पर भी रहेगी जो सड़क किनारे बेतरतीब वाहन खड़े कर यातायात बाधित करते हैं।थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि केवल पुलिस की कार्रवाई से व्यवस्था पूरी तरह नहीं सुधर सकती। यदि नागरिक ट्रैफिक नियमों का पालन करें, सड़क पर अतिक्रमण और गलत पार्किंग से बचें तथा पुलिस के निर्देशों का सम्मान करें, तो शहर को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।पुलिस की इस नई रणनीति और सख्ती के बाद लोगों में उम्मीद जगी है कि आने वाले दिनों में डुमरांव की सड़कों पर यातायात व्यवस्था पहले से अधिक व्यवस्थित और सुचारू नजर आएगी।

