स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज, किला मैदान में होगी भव्य परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रम

आगामी स्वतंत्रता दिवस-2026 के गरिमामय एवं सफल आयोजन को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से की।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज, किला मैदान में होगी भव्य परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रम

__ डीएम साहिला व एसपी शुभम आर्य ने की संयुक्त समीक्षा बैठक, 16 अगस्त को डुमरांव के शहीद पार्क में मनाया जाएगा शहीद दिवस

केटी न्यूज/बक्सर

आगामी स्वतंत्रता दिवस-2026 के गरिमामय एवं सफल आयोजन को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया गया।बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में स्थापित सभी स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य राजकीय समारोह का आयोजन बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में होगा, जहां आकर्षक सेरेमोनियल परेड के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। वहीं जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में निर्धारित समय पर ध्वजारोहण किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि हर वर्ष की परंपरा के अनुसार 15 अगस्त को किला मैदान, बक्सर में स्वतंत्रता दिवस समारोह तथा 16 अगस्त को डुमरांव स्थित शहीद पार्क में शहीद दिवस का आयोजन किया जाएगा। दोनों कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूरी करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।राष्ट्रगान की प्रस्तुति को भव्य एवं अनुशासित बनाने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को जिले के विभिन्न विद्यालयों से छात्र-छात्राओं की टीम का चयन कर उनका पूर्व प्रशिक्षण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर भवन, बक्सर एवं किला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन का भी निर्णय लिया गया, ताकि राष्ट्रीय पर्व को उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके।बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पूर्व वर्षों की परंपरा के अनुरूप सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एक-एक महादलित टोले में पहुंचकर ध्वजारोहण करेंगे।

इसके लिए जिला कल्याण पदाधिकारी को जिले के सभी महादलित टोलों की अद्यतन सूची शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।संभावित वर्षा को देखते हुए कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर एवं भवन प्रमंडल को किला मैदान में मंच, बैरिकेडिंग, जल निकासी सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा गया। साथ ही 15 अगस्त की पूर्व संध्या तक समारोह स्थल एवं प्रमुख मार्गों की विशेष साफ-सफाई कर चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने का निर्देश दिया गया।वहीं विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को समारोह मार्गों पर झूलते एवं लूज बिजली के तारों की मरम्मत कराने तथा पूरे आयोजन के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने स्तर पर तैयारियों की जानकारी देते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने का भरोसा दिलाया।