रघुनाथपुर की बिजली व्यवस्था में सुधार की शुरुआत, विभाग ने बढ़ाया कदम
रघुनाथपुर पंचायत में वर्षों से चली आ रही बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में विद्युत विभाग ने सक्रिय पहल शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों और जन मांग के बाद विभाग ने बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए सुधारात्मक कार्रवाई तेज कर दी है।

__ लोड संतुलन का काम पूरा, अब जर्जर तार-पोलों की जांच कर तैयार होगा विकास खाका
केटी न्यूज/ब्रह्मपुर
रघुनाथपुर पंचायत में वर्षों से चली आ रही बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में विद्युत विभाग ने सक्रिय पहल शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों और जन मांग के बाद विभाग ने बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए सुधारात्मक कार्रवाई तेज कर दी है। इस पहल से स्थानीय लोगों में बेहतर बिजली व्यवस्था की उम्मीद जगी है।जानकारी के अनुसार पंचायत के समाजसेवी शैलेश कुमार ओझा ने हाल ही में बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल पर आवेदन देकर क्षेत्र की जर्जर विद्युत संरचना, पुराने पोल, कमजोर तार, अपर्याप्त सपोर्टिंग पोल तथा बार-बार बाधित होने वाली बिजली आपूर्ति का मुद्दा उठाया था।

उन्होंने क्षेत्र में अलग पावर हाउस और स्थानीय विद्युत कार्यालय स्थापित करने की मांग भी की थी।शिकायत के बाद विद्युत विभाग ने तकनीकी स्तर पर प्राथमिक कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में बढ़े हुए विद्युत भार को संतुलित करने का कार्य पूरा कर लिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार 30 मई को लोड बैलेंसिंग की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई। इससे ट्रांसफार्मरों पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव कम होगा और बिजली आपूर्ति पहले की तुलना में अधिक स्थिर एवं सुचारु होने की संभावना है।विभाग अब अगले चरण में रघुनाथपुर क्षेत्र की विद्युत संरचना का व्यापक सर्वे कराएगा। इस दौरान जर्जर पोल, पुराने तार, कम क्षमता वाले उपकरणों तथा अन्य तकनीकी कमियों का आकलन किया जाएगा।

सर्वे रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक सुधार कार्यों के लिए प्रस्ताव तैयार कर उच्च स्तर पर भेजा जाएगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश और तेज हवा के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होना यहां आम समस्या बन चुकी है। कई स्थानों पर पुराने तार और कमजोर पोल दुर्घटना की आशंका भी बढ़ाते हैं। ऐसे में विभाग की यह पहल क्षेत्र के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है।समाजसेवी शैलेश कुमार ओझा ने उम्मीद जताई कि लोड बैलेंसिंग के बाद अब स्थायी समाधान की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे रघुनाथपुर को सुरक्षित, मजबूत और निर्बाध बिजली व्यवस्था मिल सके।

