माँ के सम्मान से जुड़ा हरियाली का संदेश, रघुनाथपुर विद्यालय में बच्चों ने लगाए पौधे
पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने और विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से अनुसूचित जाति मध्य विद्यालय, रघुनाथपुर में शनिवार को "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर।
पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने और विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से अनुसूचित जाति मध्य विद्यालय, रघुनाथपुर में शनिवार को "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के इको क्लब के तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों और अतिथियों ने अपनी-अपनी माताओं के नाम पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि, दक्षिण बिहार के जनसंवाद प्रमुख शैलेश ओझा ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं।

ऐसे में अधिक से अधिक वृक्षारोपण ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार माँ अपने बच्चों का पालन-पोषण कर उन्हें जीवन देती हैं, उसी प्रकार वृक्ष मानव जीवन को प्राणवायु, छाया, फल, औषधि और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं। इसलिए माँ और प्रकृति दोनों के सम्मान में प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक प्रसाद साह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे हर वर्ष अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाएं और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखें।

उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार इस संकल्प को अपनाए तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव होगा।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पौधों के महत्व, जैव विविधता के संरक्षण तथा स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई और हरियाली बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।इस अवसर पर प्रधानाध्यापक अशोक प्रसाद साह, रीता कुमारी, जयराम, प्रमोद राम, मुन्ना राम, राकेश कुमार, ताड़केश्वर सिंह, श्वेता राय, अलख शर्मा, सविता सिंह, मधुबाला ओझा, दरख्शा परवीन सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

