पहली बारिश में ही बदहाल हुआ स्टेशन रोड, गड्ढों में फंसकर पलटते रहे वाहन
बरसात की पहली बारिश ने ही नगर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल स्टेशन रोड की बदहाली की पोल खोल दी है। पहले से ही जर्जर सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे बारिश के बाद और खतरनाक हो गए। गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


__ जलजमाव से यात्रियों की बढ़ी परेशानी, नगर परिषद ने दोपहर बाद कराई जलनिकासी
केटी न्यूज/डुमरांव
बरसात की पहली बारिश ने ही नगर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल स्टेशन रोड की बदहाली की पोल खोल दी है। पहले से ही जर्जर सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे बारिश के बाद और खतरनाक हो गए। गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सोमवार को पूरे दिन ई-रिक्शा, बाइक और अन्य छोटे वाहन इन गड्ढों में फंसकर पलटते रहे। इस दौरान कई यात्रियों को हल्की चोटें भी आईं।स्टेशन रोड से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन आने-जाने के लिए गुजरते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को काफी कठिनाई झेलनी पड़ रही है। बारिश के पानी से गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण हर साल बारिश के मौसम में यही समस्या उत्पन्न होती है।लोगों ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढों में जमा पानी के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा।हालांकि, समस्या की जानकारी मिलने के बाद दोपहर बाद नगर परिषद की ओर से जलनिकासी की व्यवस्था कराई गई, जिससे सड़क पर जमा पानी हटने से लोगों को कुछ राहत मिली। लेकिन जलजमाव हटने के बाद भी सड़क पर उभरे बड़े-बड़े गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से स्टेशन रोड की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दिनों में होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

