ईवीएम-वीवीपैट भंडार गृह की सुरक्षा परखी, सीसीटीवी और अग्निशमन व्यवस्था की हुई जांच

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर गुरुवार को प्रखंड परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट भंडार गृह का जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भंडार गृह की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं की जांच की।

ईवीएम-वीवीपैट भंडार गृह की सुरक्षा परखी, सीसीटीवी और अग्निशमन व्यवस्था की हुई जांच

केटी न्यूज/बक्सर।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर गुरुवार को प्रखंड परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट भंडार गृह का जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भंडार गृह की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं की जांच की।निरीक्षण के क्रम में भंडार गृह में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की गई। इसके साथ ही आग से सुरक्षा के लिए लगाए गए अग्निशमन यंत्रों की स्थिति और उनकी कार्यकारिता भी परखी गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा के लिए निर्धारित सभी मानकों का पूरी तरह पालन हो रहा है।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने भंडार गृह परिसर की साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद उप निर्वाचन पदाधिकारी को भंडार गृह में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा बिजली संचालन सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनें निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण सामग्री हैं। ऐसे में इनके सुरक्षित भंडारण और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया।मासिक निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी बक्सर, अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी बक्सर, सहायक अभियंता भवन प्रमंडल बक्सर तथा उप निर्वाचन पदाधिकारी बक्सर समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।