समृद्धि यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, लापरवाही पर मांगा स्पष्टीकरण
जिले में प्रस्तावित मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी आयोजन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के उद्देश्यों, कार्यक्रम की रूपरेखा, विभागीय समन्वय तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
केटी न्यूज/बक्सर
जिले में प्रस्तावित मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी आयोजन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के उद्देश्यों, कार्यक्रम की रूपरेखा, विभागीय समन्वय तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान स्पष्ट किया कि समृद्धि यात्रा का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना, विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का आकलन करना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि यात्रा के दौरान योजनाओं की जानकारी सरल, सहज एवं प्रभावी माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाई जाए।बैठक में समृद्धि यात्रा जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में कार्यपालक अभियंता, बिहार पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और उनसे स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका द्वारा महत्वपूर्ण बैठक में ससमय उपस्थित नहीं रहने को लेकर भी स्पष्टीकरण मांगा गया।जिलाधिकारी ने बताया कि समृद्धि यात्रा के दौरान जिले के विभिन्न पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

इन शिविरों में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, आवास, रोजगार सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभुकों को मौके पर ही लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही आमजन की शिकायतों के त्वरित निवारण की भी व्यवस्था की जाएगी।उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों से फीडबैक लेते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि समृद्धि यात्रा केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम है। इसके माध्यम से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ विकास की गति को और तेज किया जा सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से पूरी प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।

