ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निदेशानुसार गुरुवार को बक्सर प्रखंड परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला द्वारा किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य वेयरहाउस में रखे गए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट की सुरक्षा, संरक्षा और रख-रखाव व्यवस्था का आकलन करना था।
-- जिलाधिकारी साहिला ने सीसीटीवी, अग्निशमन यंत्र व साफ-सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
केटी न्यूज/बक्सर
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निदेशानुसार गुरुवार को बक्सर प्रखंड परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला द्वारा किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य वेयरहाउस में रखे गए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट की सुरक्षा, संरक्षा और रख-रखाव व्यवस्था का आकलन करना था।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के आलोक में वेयरहाउस की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।

उन्होंने वेयरहाउस परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की जांच की तथा यह सुनिश्चित किया कि सभी कैमरे ठीक प्रकार से कार्य कर रहे हों और उनकी निगरानी व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही हो। इसके साथ ही अग्निशमन यंत्रों की स्थिति एवं उनकी कार्यक्षमता की भी जांच की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।जिलाधिकारी साहिला ने वेयरहाउस में साफ-सफाई की व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी अवलोकन किया।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने उप निर्वाचन पदाधिकारी, बक्सर को निर्देश दिया कि वेयरहाउस में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और बिजली संचालन में किसी प्रकार की बाधा न हो, ताकि ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा और संरक्षण में कोई कमी न रह जाए।उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित पदाधिकारी आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें और समय-समय पर निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएं।

निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी बक्सर, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल बक्सर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण को लेकर प्रशासनिक महकमे में गंभीरता देखी गई और इसे निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
