चौसा में शरद यादव की पुण्यतिथि पर सामाजिक न्याय की विरासत को किया गया याद
चौसा रेलवे स्टेशन परिसर स्थित मजदूर यूनियन कार्यालय में सोमवार को समाजवादी आंदोलन के प्रखर नेता एवं सामाजिक न्याय की राजनीति के मजबूत स्तंभ रहे शरद यादव की तृतीय पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन चौसा थर्मल पावर मजदूर यूनियन के तत्वावधान में किया गया, जिसकी अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव ने की।
केटी न्यूज/बक्सर
चौसा रेलवे स्टेशन परिसर स्थित मजदूर यूनियन कार्यालय में सोमवार को समाजवादी आंदोलन के प्रखर नेता एवं सामाजिक न्याय की राजनीति के मजबूत स्तंभ रहे शरद यादव की तृतीय पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन चौसा थर्मल पावर मजदूर यूनियन के तत्वावधान में किया गया, जिसकी अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव ने की।पुण्यतिथि के अवसर पर उपस्थित लोगों ने शरद यादव के तैलीय चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके राजनीतिक जीवन, संघर्ष और वैचारिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।

वक्ताओं ने कहा कि शरद यादव भारतीय राजनीति में सामाजिक न्याय, पिछड़े वर्गों के अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती के लिए आजीवन संघर्षरत रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि शरद यादव का संपूर्ण राजनीतिक जीवन वंचित, पिछड़े और हाशिए पर खड़े समाज के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। छात्र राजनीति से शुरू हुआ उनका सफर जेपी आंदोलन के माध्यम से राष्ट्रीय राजनीति तक पहुंचा। वे संसद में निर्भीक, तार्किक और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने वाले नेता के रूप में जाने जाते थे।

उन्होंने मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू कराने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई, जिससे सामाजिक न्याय की राजनीति को नई दिशा मिली। सामाजिक समरसता, आरक्षण, संघीय ढांचे की मजबूती और लोकतंत्र की रक्षा उनके राजनीतिक चिंतन के केंद्र में रहे। वक्ताओं ने कहा कि शरद यादव पद और सत्ता से अधिक सिद्धांतों को महत्व देने वाले नेता थे और राजनीतिक मतभेदों के बावजूद उन्होंने कभी अपने मूल्यों से समझौता नहीं किया।

इस अवसर पर प्रो. रमेश चन्द्र श्रीवास्तव, रामशीष कुशवाहा, मुन्ना चौधरी, विजय राम, श्रीमन पांडेय, इंजीनियर नितेश कुमार उपाध्याय, डॉ. सुनील यादव, अधिवक्ता राम लखन पाल, गोविंद खरवार, रामप्रवेश राजभर, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में मजदूर, सामाजिक कार्यकर्ता और सफाई कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने शरद यादव के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

