बक्सर में मार्च माह के आयोजनों को लेकर बैठक, महिला दिवस से बिहार दिवस तक होंगे विविध कार्यक्रम

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, जिला स्थापना दिवस, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां दिवस तथा बिहार दिवस के आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मार्च माह में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बक्सर में मार्च माह के आयोजनों को लेकर बैठक, महिला दिवस से बिहार दिवस तक होंगे विविध कार्यक्रम
बक्सर में मार्च माह के आयोजनों को लेकर बैठक, महिला दिवस से बिहार दिवस तक होंगे विविध कार्यक्रम

बैठक में बताया गया कि 08 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, 17 मार्च को जिला स्थापना दिवस, 21 मार्च को उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव तथा 22 मार्च को बिहार दिवस मनाया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि इन सभी अवसरों पर जिले में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों के समन्वय से सेमिनार, परिचर्चा गोष्ठी तथा अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए अधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि उन्हें कार्यक्रम में सम्मानित किया जा सके। साथ ही महिला प्रतिभागियों की अधिक से अधिक उपस्थिति सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

जिला स्थापना दिवस के अवसर पर सभी कार्यालय प्रमुखों को अपने-अपने कार्यालयों में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया। नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारियों को सभी वार्डों में सफाई अभियान चलाने तथा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, पार्कों और स्थापित मूर्तियों की साफ-सफाई कराने के साथ नीली रोशनी से सजावट कराने को कहा गया।

जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिला एवं प्रखंड मुख्यालयों में प्रभात फेरी के लिए रूट निर्धारित कर कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित कराएं। इसके अलावा जिला मुख्यालय में स्थित महानुभावों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी किया जाएगा। समाहरणालय परिसर स्थित पार्क में जिला स्थापना दिवस के अवसर पर केक काटने का भी कार्यक्रम रखा गया है। साथ ही सिविल सर्जन को रक्तदान शिविर आयोजित कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक में बताया गया कि 21 मार्च 2026 को डुमरांव स्थित राज उच्च विद्यालय में उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में विभिन्न कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें संतूर, शहनाई सहित विभिन्न वाद्य यंत्रों का वादन होगा। स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे, जिसके बाद मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत होगी।

जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को सभी कार्यक्रम स्थलों पर एंबुलेंस और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को कार्यक्रमों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।