जनता की फरियाद सुन डीएम साहिला ने अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश, 78 मामलों पर हुई सुनवाई
जिले में आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने जन सुनवाई की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी साहिला ने समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जन सुनवाई में लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।


केटी न्यूज/बक्सर
जिले में आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने जन सुनवाई की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी साहिला ने समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जन सुनवाई में लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।यह जन सुनवाई मुख्यमंत्री सात निश्चय-03 के तहत संचालित “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित की गई थी। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता सहित विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

जन सुनवाई के दौरान जिले के अलग-अलग प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। कुल 78 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सबसे अधिक मामले राजस्व विभाग से जुड़े रहे। प्राप्त आवेदनों में 45 मामले भूमि, दाखिल-खारिज, राजस्व सहित अन्य राजस्व संबंधी विषयों के थे। वहीं 20 आवेदन विकास योजनाओं से संबंधित और 13 आवेदन अन्य विभागों से जुड़े हुए थे।जिलाधिकारी साहिला ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सभी आवेदनों का निष्पादन तय समय सीमा के अंदर पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से सुनिश्चित किया जाए।डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करें, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि जन सहभागिता और जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। नियमित रूप से आयोजित हो रही जन सुनवाई के माध्यम से लोगों को सीधे अपनी बात रखने का अवसर मिल रहा है और समस्याओं के त्वरित निष्पादन की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

