इश्तेहार के बाद भी कोर्ट में हाजिर नहीं हुई महिला, पुलिस ने की कुर्की
ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के सपही गांव में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने फरार चल रही एक महिला अभियुक्त के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की। रविवार की शाम करीब छह बजे पुलिस टीम गांव पहुंची और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया।


केटी न्यूज/ब्रह्मपुर
ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के सपही गांव में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने फरार चल रही एक महिला अभियुक्त के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की। रविवार की शाम करीब छह बजे पुलिस टीम गांव पहुंची और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले की जानकारी सोमवार को बक्सर पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से सार्वजनिक की गई।पुलिस के अनुसार सपही गांव निवासी सुषमा सिंह, पति उमेश सिंह, एक फर्जीवाड़े से जुड़े मामले में नामजद है। केस दर्ज होने के बाद से वह लगातार फरार चल रही थी। न्यायालय द्वारा पूर्व में उसके खिलाफ इश्तेहार जारी कर घर पर चस्पा भी कराया गया था, ताकि वह निर्धारित समय के भीतर कोर्ट में उपस्थित हो सके।

इसके बावजूद अभियुक्ता ने आत्मसमर्पण नहीं किया और न ही जांच में सहयोग किया।इसके बाद न्यायालय ने कुर्की की कार्रवाई का आदेश जारी किया। आदेश मिलने के बाद ब्रह्मपुर थाना पुलिस ने दंड प्रक्रिया संहिता के तहत आवश्यक तैयारी पूरी करते हुए गांव में कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मौके पर घर की संपत्ति का आकलन किया और नियमों के अनुसार आवश्यक सामान जब्त किया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जुटी रही।थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के निर्देशों की अनदेखी करने वाले आरोपियों पर आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी मामले में न्यायालय और जांच प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि कानूनी कार्रवाई समय पर पूरी हो सके।

