बालिका शिक्षा की मजबूत नींव रखने वाली महारानी उषारानी को जयंती पर नमन

डुमरांव में बालिका शिक्षा की अलख जगाने वाली स्व. महारानी उषारानी की जयंती बुधवार को राजगढ़ परिसर स्थित महारानी उषारानी बालिका मध्य विद्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित समारोह में उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।

बालिका शिक्षा की मजबूत नींव रखने वाली महारानी उषारानी को जयंती पर नमन

__ राजगढ़ परिसर में आयोजित समारोह में शिक्षकों व छात्राओं ने याद किया महारानी का योगदान, शिक्षा और समाजसेवा के प्रति समर्पण को बताया प्रेरणास्रोत

केटी न्यूज/डुमरांव।

डुमरांव में बालिका शिक्षा की अलख जगाने वाली स्व. महारानी उषारानी की जयंती बुधवार को राजगढ़ परिसर स्थित महारानी उषारानी बालिका मध्य विद्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित समारोह में उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। शिक्षकों और छात्राओं ने महारानी उषारानी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि महारानी उषारानी ने ऐसे दौर में बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में पहल की, जब समाज में लड़कियों की शिक्षा को लेकर पर्याप्त जागरूकता नहीं थी। उनके प्रयासों का परिणाम आज भी बालिका विद्यालय के रूप में दिखाई देता है।

विद्यालय को उनकी दूरदृष्टि और महिला शिक्षा के प्रति समर्पण का जीवंत प्रतीक बताया गया।वक्ताओं ने कहा कि महारानी उषारानी का योगदान केवल शिक्षा के क्षेत्र तक सीमित नहीं था। स्वास्थ्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में भी उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किए। समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों के प्रति उनकी संवेदनशीलता तथा लोककल्याण की भावना उन्हें अपने समय की विशिष्ट व्यक्तित्व वाली महिला बनाती थी। उन्होंने शिक्षा को समाज में बदलाव का माध्यम माना और बालिकाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया।

विद्यालय परिवार ने कहा कि महारानी उषारानी की जयंती केवल एक स्मरण दिवस नहीं, बल्कि उनके शिक्षा संबंधी विचारों और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का अवसर है। छात्राओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का संदेश दिया गया।मौके पर प्रधानाध्यापक मो. शरीफ अंसारी, आरती कुमारी, शिवाकान्त दुबे, कांति कुमारी, मो. सज्जाद अंसारी, पूनम कुमारी, ददन प्रसाद और अनिता चौबे सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं।