डेढ़ माह से लापता किशोरी बरामद, नामजद आरोपी गिरफ्तार
करीब डेढ़ माह से लापता किशोरी की तलाश में जुटी डुमरांव पुलिस को बुधवार को सफलता मिली। पुलिस टीम ने चक्की प्रखंड के एक गांव में छापेमारी कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान पुलिस ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के आरोप में नामजद युवक को भी गिरफ्तार कर लिया।

__ चक्की के एक गांव में पुलिस ने दबिश देकर की कार्रवाई, न्यायालय में दर्ज होगा किशोरी का बयान
केटी न्यूज/डुमरांव।
करीब डेढ़ माह से लापता किशोरी की तलाश में जुटी डुमरांव पुलिस को बुधवार को सफलता मिली। पुलिस टीम ने चक्की प्रखंड के एक गांव में छापेमारी कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान पुलिस ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के आरोप में नामजद युवक को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के महादेवगंज निवासी मुन्ना तुरहा के पुत्र सरोज तुरहा के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, करीब डेढ़ माह पहले किशोरी डुमरांव से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद परिजनों ने थाने में आवेदन देकर सरोज तुरहा के खिलाफ किशोरी के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने किशोरी की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी शुरू कर दी थी।

इसी बीच बुधवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि किशोरी चक्की प्रखंड के एक गांव में मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल संबंधित स्थान पर दबिश दी और किशोरी को बरामद कर लिया। पुलिस ने मौके से आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों को थाने लाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।लंबे समय से बेटी की तलाश कर रहे परिजनों के लिए किशोरी की बरामदगी राहत की खबर रही। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि बरामद किशोरी का न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा। बयान के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

