डीके कॉलेज में ‘धरिक्षणा कुंवरी सम्मान’ की शुरुआत, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित
डुमरांव स्थित डीके कॉलेज में संस्थापिका बिहार विभूति धरिक्षणा कुंवरी की स्मृति में पहली बार ‘धरिक्षणा कुंवरी सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित कर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।

__ प्राचार्य डॉ. वीणा कुमारी की पहल पर समारोह आयोजित, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की पहल
केटी न्यूज/डुमरांव:
डुमरांव स्थित डीके कॉलेज में संस्थापिका बिहार विभूति धरिक्षणा कुंवरी की स्मृति में पहली बार ‘धरिक्षणा कुंवरी सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित कर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह कार्यक्रम मूल रूप से महिला दिवस के अवसर पर आयोजित किया जाना था, लेकिन उस दिन महाविद्यालय में परीक्षा होने के कारण इसे बाद में आयोजित किया गया। कॉलेज की प्रथम महिला प्राचार्य डॉ. वीणा कुमारी की पहल पर इस सम्मान समारोह की शुरुआत की गई है।

उनका उद्देश्य समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को पहचान और सम्मान देना है, ताकि अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सके।इस सम्मान के लिए नामों का चयन महाविद्यालय परिवार की वृहद बैठक में सर्वसम्मति से किया गया। चयन समिति ने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं के योगदान पर विचार-विमर्श करने के बाद इस वर्ष के सम्मानित व्यक्तियों का चयन किया।समारोह में बिहार राज्य महिला उद्योग संघ की अध्यक्ष ऊषा झा को महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

वहीं बिहार वित्त आयोग की पूर्व सदस्य और जेडी विमेंस कॉलेज, पटना के अर्थशास्त्र विभाग की पूर्व अध्यक्ष डॉ. नंदनी मेहता को समावेशी विकास और महिला केंद्रित योजनाओं को प्रोत्साहित करने में उनकी भूमिका के लिए सम्मान प्रदान किया गया।इसके साथ ही महाविद्यालय परिवार से जुड़ी कर्मठ महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। कॉलेज की प्रधान सहायक अर्चना सिन्हा तथा परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में अहम योगदान देने वाली सफाईकर्मी सोनी, पुष्पा और गुड़िया को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. वीणा कुमारी ने की। मंच संचालन डॉ. साहिला और रुचि बाला ने किया। समारोह में सुमित्रा कॉलेज की प्राचार्य डॉ. शोभा सिन्हा, डीके कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. राजू मोची, डॉ. उषा रानी सहित महाविद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के सम्मान से समाज में महिलाओं की भूमिका को नई पहचान मिलती है।
