तियरा विद्यालय की प्रभात फेरी से गूंजा शिक्षा का संदेश, नामांकन बढ़ाने को छात्रों ने संभाली कमान
प्रखंड के तियरा रघुवंशी कुंवरी प्लस टू उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शिक्षा जागरूकता और सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से प्रेरणादायक प्रभात फेरी निकालकर क्षेत्र में नया संदेश दिया। विद्यालय परिवार की पहल पर निकली इस रैली में छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर शिक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
__ गांव-गांव पहुंची जागरूकता रैली, बच्चों ने नारों और बैंड की धुन पर लोगों को किया प्रेरित
केटी न्यूज/राजपुर
प्रखंड के तियरा रघुवंशी कुंवरी प्लस टू उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शिक्षा जागरूकता और सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से प्रेरणादायक प्रभात फेरी निकालकर क्षेत्र में नया संदेश दिया। विद्यालय परिवार की पहल पर निकली इस रैली में छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर शिक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।विद्यालय परिसर से शुरू हुई प्रभात फेरी का नेतृत्व प्रधानाध्यापक ब्रजेश राय ने किया। रैली मनोहरपुर मोड़, बघेलवा मोड़, बाजार मोड़ समेत कई प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।

इस दौरान स्कूली बैंड की धुन पर कदमताल करते बच्चों ने पूरे माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। रास्ते भर बच्चे “पढ़ेगा इंडिया, तभी तो बढ़ेगा इंडिया”, “घर-घर दीप जलाना है, बच्चों को स्कूल पहुंचाना है” तथा “हर बच्चा पढ़ने जाए, देश तरक्की कर पाए” जैसे नारे लगाते रहे।रैली के दौरान स्थानीय ग्रामीणों, दुकानदारों और अभिभावकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कई स्थानों पर लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकलकर इस अभियान को देखते नजर आए। ग्रामीणों ने कहा कि शिक्षा को लेकर इस तरह की पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली है।प्रधानाध्यापक ब्रजेश राय ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का मौलिक अधिकार है और कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे, इसके लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना होगा।

उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों का नामांकन विद्यालय में अवश्य कराएं, ताकि उनका भविष्य मजबूत हो सके।उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधन और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को मिल रहा है। ऐसे में अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों पर भरोसा जताना चाहिए।प्रभात फेरी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डायल 112 की टीम भी पूरी तरह सक्रिय रही। यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी मार्ग में तैनात दिखे। विद्यालय की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है और लोगों ने इसे शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला सराहनीय कदम बताया।

