राइजिंग सन इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन, निशा कुमारी बनी टॉपर
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के घोषित परिणामों में डुमरांव स्थित राइजिंग सन इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस वर्ष का परीक्षा परिणाम विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासित पठन-पाठन व्यवस्था का प्रमाण बनकर सामने आया है।
-- सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक के साथ निशा कुमारी अव्वल, मेधावी छात्राओं को स्कूल प्रबंधन ने किया सम्मानित
केटी न्यूज/डुमरांव
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के घोषित परिणामों में डुमरांव स्थित राइजिंग सन इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस वर्ष का परीक्षा परिणाम विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासित पठन-पाठन व्यवस्था का प्रमाण बनकर सामने आया है।विद्यालय की छात्रा निशा कुमारी ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। उनके इस शानदार प्रदर्शन से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। वहीं, द्वितीय स्थान पर सोनल राज, आदिती कुमारी, आदित्य सिंह और आयुष कुमार सिंह ने समान रूप से 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।तृतीय स्थान पर रिया सिंह ने 89 प्रतिशत अंक हासिल किए, जबकि चतुर्थ स्थान पर खुशी कुमारी और जुली कुमारी ने 88-88 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

पंचम स्थान पर माहम सिंधुकी ने भी सराहनीय अंक लाकर विद्यालय का मान बढ़ाया। इसके अतिरिक्त विद्यालय की कई अन्य छात्राओं ने भी अच्छे अंक प्राप्त कर समग्र परिणाम को गौरवपूर्ण बनाया है।विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग को दिया है। प्रबंधक ब्रह्मा ठाकुर, सह-प्रबंधक सिद्धांत ठाकुर तथा प्रधानाचार्य वेंकटेशन सुब्रम्यण ने संयुक्त रूप से कहा कि विद्यालय में नियमित एवं योजनाबद्ध तरीके से पठन-पाठन कराया जाता है, जिससे छात्रों को हर विषय में मजबूत आधार मिलता है।प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय में न केवल पाठ्यक्रम को समय पर पूरा किया जाता है, बल्कि छात्रों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।

आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, नियमित टेस्ट और मार्गदर्शन के माध्यम से छात्रों को बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जाता है।उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले सभी छात्रों को विद्यालय परिसर में आयोजित एक समारोह में सम्मानित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र और प्रोत्साहन देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में शिक्षकों और अभिभावकों ने भी भाग लिया और बच्चों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।विद्यालय प्रबंधन ने आशा जताई कि आने वाले वर्षों में भी छात्र इसी प्रकार मेहनत और लगन से पढ़ाई कर बेहतर परिणाम हासिल करेंगे तथा विद्यालय का नाम ऊंचा किया है।इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक इन्द्रसेन सिंह, प्रह्लाद सिंह यादव, संजय उपाध्याय, इन्दुकुमारी, पुनम बेबी कुमारी समेत अन्य शिक्षक मौजूद थे।

