कड़ाके की ठंड के चलते बक्सर में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 8 जनवरी तक बंद, प्रशासन ने जारी किया आदेश
बक्सर जिले में मौसम के अचानक करवट लेने और ठंड में अप्रत्याशित बढ़ोतरी के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए एहतियाती कदम उठाया है। लगातार गिरते तापमान और शीतलहर की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला ने जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगाने का आदेश जारी किया है।
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर जिले में मौसम के अचानक करवट लेने और ठंड में अप्रत्याशित बढ़ोतरी के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए एहतियाती कदम उठाया है। लगातार गिरते तापमान और शीतलहर की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला ने जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगाने का आदेश जारी किया है।जिलाधिकारी द्वारा निर्गत आदेश के अनुसार यह प्रतिबंध 05 जनवरी से लागू होकर 08 जनवरी तक प्रभावी रहेगा।

इस अवधि में प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बंद रखा जाएगा, जिससे छोटे बच्चों को ठंड के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रखा जा सके।वहीं, कक्षा 8 से ऊपर की कक्षाओं के संचालन में आंशिक छूट दी गई है। इन कक्षाओं की शैक्षणिक गतिविधियां सुबह 10.30 बजे से अपराह्न 03.30 बजे तक संचालित की जा सकेंगी, ताकि विद्यार्थियों को सुबह की अत्यधिक ठंड से राहत मिल सके।प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्री-बोर्ड एवं बोर्ड परीक्षा से संबंधित विशेष कक्षाएं और परीक्षाएं इस आदेश से मुक्त रहेंगी।

विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे आदेश के अनुरूप अपनी समय-सारिणी में आवश्यक संशोधन करें और विद्यार्थियों को इसकी जानकारी समय पर उपलब्ध कराएं।जिला प्रशासन ने शिक्षा विभाग, समेकित बाल विकास परियोजना, नगर निकायों एवं पुलिस प्रशासन को आदेश के सख्त अनुपालन के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को कहा गया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।प्रशासन का मानना है कि यह कदम बच्चों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संरक्षण की दृष्टि से आवश्यक है। ठंड के प्रकोप को देखते हुए आगे भी स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

