फिरौती के लिए अपहरण का पुलिस ने किया खुलासा, पांच गिरफ्तार
वासुदेवा थाना क्षेत्र में 50 हजार रुपये की फिरौती के लिए युवक के अपहरण मामले का बक्सर पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक रवि यादव को विक्रमगंज थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। वहीं, घटना में संलिप्त पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

_ 50 हजार रुपये की फिरौती के लिए रवि यादव का हुआ था अपहरण, विक्रमगंज से सकुशल बरामद; _ एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम की बड़ी कार्रवाई
केटी न्यूज/डुमरांव।
वासुदेवा थाना क्षेत्र में 50 हजार रुपये की फिरौती के लिए युवक के अपहरण मामले का बक्सर पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक रवि यादव को विक्रमगंज थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। वहीं, घटना में संलिप्त पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई को डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में अनुमंडल पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त को वासुदेवा थाना क्षेत्र के कुकुरभुक्का निवासी सन्नी कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि उसके भाई रवि यादव का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया है।

इसके बाद अपहर्ताओं द्वारा उसके घर के मोबाइल पर फोन कर 50 हजार रुपये फिरौती की मांग की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, बक्सर के निर्देश पर मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।एसडीपीओ डुमरांव पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर अपहृत युवक की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने लगातार मिले सुरागों को जोड़ते हुए कार्रवाई की और अंततः विक्रमगंज थाना क्षेत्र से रवि यादव को सकुशल बरामद कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने अपहरण की घटना में शामिल पांच आरोपितों को दबोच लिया।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संतोष कुमार, धनजी यादव उर्फ धनजी सिंह, सरोज कुमार उर्फ सरोज यादव, धीरज कुमार उर्फ नीरज पासवान तथा नीतिश कुमार उर्फ महेंद्र कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।पूछताछ में सामने आया कि रवि यादव और गिरफ्तार आरोपित कथित तौर पर एक साथ अवैध कारोबार में संलिप्त थे। पुलिस के अनुसार, रवि यादव द्वारा पुलिस को इसकी जानकारी दिए जाने की आशंका में आरोपितों ने उसका अपहरण किया था। हालांकि, पुलिस इस पूरे दावे की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चार मोबाइल फोन समेत गुटखा के खाली पैकेट, पानी की खाली बोतल, बीयर के खाली कैन आदि बरामद किए हैं। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है। वहीं, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित आपराधिक गतिविधियों का पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है।इस कार्रवाई में एसडीपीओ पोलस्त कुमार के अलावा पुलिस निरीक्षक अरविंद कुमार, वासुदेवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान, नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार समेत डुमरांव डीआईयू टीम और वासुदेवा थाना के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

