ईद, रामनवमी और चैती छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट, सीमावर्ती इलाकों में कड़ी सख्ती
राजपुर थाना क्षेत्र में ईद, रामनवमी और चौती छठ पर्व को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। रोहतास, कैमूर और उत्तर प्रदेश से सटे सीमावर्ती इलाकों में सख्ती बढ़ा दी गई है। एसपी के निर्देश पर लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिससे असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।

केटी न्यूज/राजपुर

इसी क्रम में, पुलिस को रामपुर गांव से गुप्त सूचना मिली कि विक्की राजभर (पिता संजय राजभर) के घर में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की, जिसमें 32 बोतल देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपी विक्की राजभर को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि शराब माफियाओं के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि गांव के चौकीदारों को विशेष रूप से सतर्क कर दिया गया है। वहीं, पर्वों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए चिन्हित शरारती तत्वों के खिलाफ धारा 107 के तहत नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।