सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर भिड़े दो पक्ष, चाकूबाजी में पांच घायल

थाना क्षेत्र के तिवाय गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर चला आ रहा विवाद रविवार को हिंसक झड़प में बदल गया। जमीन पर अपना दावा जताने को लेकर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद लाठी-डंडे चलने लगे। देखते ही देखते चाकूबाजी भी शुरू हो गई। घटना में एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए।

सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर भिड़े दो पक्ष, चाकूबाजी में पांच घायल

केटी न्यूज/चौसा :

थाना क्षेत्र के तिवाय गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर चला आ रहा विवाद रविवार को हिंसक झड़प में बदल गया। जमीन पर अपना दावा जताने को लेकर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद लाठी-डंडे चलने लगे। देखते ही देखते चाकूबाजी भी शुरू हो गई। घटना में एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घायलों में एक पक्ष के भीम गोंड और तेतरी देवी तथा दूसरे पक्ष के धरिक्षण राजभर, विजय कुशवाहा और उसकी पत्नी बिंदा देवी शामिल हैं। बताया जाता है कि गांव में बिहार सरकार की जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी जमीन पर कब्जे को लेकर रविवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने चाकू निकाल लिया। चाकूबाजी में कई लोगों के जांघ, पेट समेत शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आईं। अचानक हुई हिंसक झड़प से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग कराकर स्थिति को शांत कराया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजवाया। ग्रामीणों के अनुसार, विवादित सरकारी जमीन को लेकर चौसा अंचल कार्यालय में पूर्व में भी कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं। बावजूद इसके विवाद का स्थायी समाधान नहीं हो सका।थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।