अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस कर रही सप्लाई चेन की जांच
राजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता के बीच अवैध हथियार रखने वाले एक व्यक्ति की गिरफ्तारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। हरपुर पंचायत के सिसराढ़ गांव से पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर बृजकिशोर राम उर्फ किशोरी राम को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता के बीच अवैध हथियार रखने वाले एक व्यक्ति की गिरफ्तारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। हरपुर पंचायत के सिसराढ़ गांव से पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर बृजकिशोर राम उर्फ किशोरी राम को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि गांव में एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त है और उसके पास अवैध हथियार मौजूद है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष निवास कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान आरोपी को मौके से दबोच लिया गया।

हालांकि, इस गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस का फोकस सिर्फ आरोपी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जानने पर है कि हथियार की आपूर्ति कहां से हुई और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ा जा सके।गौरतलब है कि गिरफ्तार व्यक्ति पहले भी शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुका है, जिससे उसके आपराधिक इतिहास की पुष्टि होती है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।

