जनगणना 2027 की तैयारियों की समीक्षा, 13 से 24 अप्रैल तक होगा प्रगणकों का प्रशिक्षण
जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी साहिला की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिला जनगणना समन्वय समिति एवं चार्ज अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना 2027 के सफल संचालन को लेकर अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

__ 17 अप्रैल से स्वयं गणना पोर्टल के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश, सभी स्तरों पर तैयारियां लगभग पूरी
केटी न्यूज/बक्सर
जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी साहिला की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिला जनगणना समन्वय समिति एवं चार्ज अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना 2027 के सफल संचालन को लेकर अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।इस दौरान जानकारी दी गई कि जनगणना के प्रथम चरण की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं और अधिकांश प्रशिक्षण कार्य पूरे कर लिए गए हैं। हालांकि प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण अभी शेष है, जिसे सभी चार्ज स्तरों पर 13 अप्रैल से 24 अप्रैल के बीच आयोजित किया जाएगा।

इस संबंध में सभी चार्ज अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम की पूरी तैयारी कर ली गई है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के दौरान सभी चार्ज अधिकारी स्वयं उपस्थित रहेंगे और प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने प्रशिक्षण को गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।बैठक में 17 अप्रैल से शुरू होने वाले स्वयं गणना पोर्टल के प्रचार-प्रसार को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। प्रधान जनगणना अधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी चार्ज अधिकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय कर्मियों जैसे जीविका समूह के सदस्य, विकास मित्र, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका तथा जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं के साथ बैठक कर पोर्टल की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं।

चार्ज अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश क्षेत्रों में इस दिशा में बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं, जबकि शेष स्थानों पर भी शीघ्र ही बैठकें आयोजित कर ली जाएंगी। जिलाधिकारी ने इस कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया ताकि अधिक से अधिक लोग स्वयं गणना प्रक्रिया से जुड़ सकें।बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, नजारत उप समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, गोपनीय शाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

