चौसा स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत, देर तक ट्रैक पर पड़ा रहा शव
बक्सर–डीडीयू रेलखंड पर शनिवार शाम चौसा रेलवे स्टेशन के पास एक दर्दनाक हादसे में करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवक की जान चली गई। घटना प्लेटफॉर्म के समीप अप लाइन पर हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
केटी न्यूज/चौसा
बक्सर–डीडीयू रेलखंड पर शनिवार शाम चौसा रेलवे स्टेशन के पास एक दर्दनाक हादसे में करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवक की जान चली गई। घटना प्लेटफॉर्म के समीप अप लाइन पर हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक अचानक रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया, उसी दौरान आ रही ट्रेन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक को संभलने का कोई मौका नहीं मिला। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों के बीच दहशत फैल गई।

घटना की सूचना तत्काल स्टेशन मास्टर द्वारा जीआरपी को दी गई, लेकिन काफी देर तक पुलिस के घटनास्थल पर नहीं पहुंचने से शव ट्रैक पर ही पड़ा रहा। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई और उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।कुछ समय के लिए रेल परिचालन भी प्रभावित रहा, हालांकि बाद में स्थिति को सामान्य किया गया। आसपास मौजूद लोगों ने मृतक की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।फिलहाल पुलिस के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

