डुमरांव में पटरी पर मिला महिला का क्षत-विक्षत शव, 14 मिनट तक स्टेशन पर रुकी सुविधा एक्सप्रेस

दानापुर–डीडीयू रेलखंड पर शनिवार को डुमरांव रेलवे स्टेशन के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव मिलने से कुछ देर के लिए रेल परिचालन बाधित हो गया। स्टेशन के पूर्वी फाटक के समीप डाउन मेन लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। शव पटरी पर पड़े होने के कारण पटना से मुंबई जा रही सुविधा एक्सप्रेस को करीब 14 मिनट तक डुमरांव स्टेशन पर ही रोके रखना पड़ा।

डुमरांव में पटरी पर मिला महिला का क्षत-विक्षत शव, 14 मिनट तक स्टेशन पर रुकी सुविधा एक्सप्रेस

__ पूर्वी फाटक के पास डाउन लाइन पर हुआ हादसा, पहचान नहीं होने से बढ़ी गुत्थी; दुर्घटना या आत्महत्या पर जांच शुरू

केटी न्यूज/डुमरांव

दानापुर–डीडीयू रेलखंड पर शनिवार को डुमरांव रेलवे स्टेशन के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव मिलने से कुछ देर के लिए रेल परिचालन बाधित हो गया। स्टेशन के पूर्वी फाटक के समीप डाउन मेन लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। शव पटरी पर पड़े होने के कारण पटना से मुंबई जा रही सुविधा एक्सप्रेस को करीब 14 मिनट तक डुमरांव स्टेशन पर ही रोके रखना पड़ा।घटना शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पोल संख्या 644/14 और 644/16 के बीच अचानक एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन गुजरने के बाद पटरी पर महिला का शव पड़ा देखा गया, जिसके बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। रेलवे ट्रैक पर शव होने की सूचना मिलते ही स्टेशन प्रशासन और रेलवे पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।इसी दौरान पटना से मुंबई जा रही सुविधा एक्सप्रेस डुमरांव स्टेशन पर पहुंच चुकी थी। लेकिन ट्रैक साफ नहीं होने के कारण ट्रेन को स्टेशन पर ही रोक दिया गया। लगभग 14 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही, जिससे कुछ देर के लिए रेल परिचालन प्रभावित रहा।सूचना मिलते ही जीआरपी प्रभारी थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस टीम और रेलकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल शव को पटरी से हटवाया और ट्रैक को खाली कराया।इसके बाद 11:53 बजे सुविधा एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना किया गया, जिसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खबर लिखे जाने तक मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर पहचान कराने का प्रयास कर रही है।प्राथमिक जानकारी के अनुसार महिला की उम्र करीब 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला की मौत दुर्घटनावश ट्रेन की चपेट में आने से हुई या उसने जानबूझकर पटरी पर आकर आत्महत्या की।फिलहाल जीआरपी पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों में महिला की पहचान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सके।