आईटीआई बक्सर में 16 मार्च को अप्रेंटिसशिप नियोजन मेला

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बक्सर परिसर में 16 मार्च को एक दिवसीय अप्रेंटिसशिप नियोजन मेले का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन बिहार सरकार के युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में किया जा रहा है। इस मेले के माध्यम से आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में प्रशिक्षण एवं रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।

आईटीआई बक्सर में 16 मार्च को अप्रेंटिसशिप नियोजन मेला

__ आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को रोजगार का अवसर, टाटा मोटर्स की दो इकाइयां करेंगी चयन

केटी न्यूज/बक्सर

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बक्सर परिसर में 16 मार्च को एक दिवसीय अप्रेंटिसशिप नियोजन मेले का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन बिहार सरकार के युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में किया जा रहा है। इस मेले के माध्यम से आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में प्रशिक्षण एवं रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।संस्थान के प्राचार्य मो. मसूद रशीद ने बताया कि इस नियोजन मेले में टाटा मोटर्स की लखनऊ तथा पंतनगर इकाइयों को आमंत्रित किया गया है।

दोनों कंपनियों के प्रतिनिधि मेले में उपस्थित रहकर आईटीआई पास अभ्यर्थियों का चयन करेंगे। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर चुके युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है, जिससे उन्हें उद्योगों में प्रशिक्षण के साथ रोजगार का रास्ता भी खुल सकता है।प्राचार्य ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे 16 मार्च को सुबह 10 बजे तक राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बक्सर के परिसर में पहुंचकर नियोजन मेले में भाग लें। अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी आवश्यक शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बायोडाटा तथा हाल का पासपोर्ट आकार का फोटो अनिवार्य रूप से लाना होगा।

उन्होंने यह भी बताया कि मेले में आने वाले अभ्यर्थियों को अपने दस्तावेजों की मूल प्रति के साथ उसकी छायाप्रति भी साथ रखनी चाहिए, ताकि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।संस्थान प्रशासन का मानना है कि ऐसे नियोजन मेलों से स्थानीय युवाओं को घर के पास ही रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर मिलते हैं। इससे युवाओं को तकनीकी दक्षता के आधार पर बेहतर भविष्य बनाने में मदद मिलती है। इसलिए अधिक से अधिक आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।