ग्रामीण क्रिकेट महोत्सव में चमका औरंगाबाद, फाइनल में पहुंचकर बढ़ाई खिताबी उम्मीदें
ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से आयोजित कमरपुर प्रीमियम लीग का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। तीन दिवसीय नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में बिहार के औरंगाबाद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश के बलिया को एकतरफा मुकाबले में हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस जीत के साथ औरंगाबाद की टीम ने खिताब पर अपना मजबूत दावा भी पेश कर दिया है।

__ कमरपुर प्रीमियम लीग के नाइट टूर्नामेंट में बलिया को पांच ओवर में हराया, युवाओं की खेल प्रतिभा को मिला मंच
केटी न्यूज/बक्सर
ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से आयोजित कमरपुर प्रीमियम लीग का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। तीन दिवसीय नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में बिहार के औरंगाबाद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश के बलिया को एकतरफा मुकाबले में हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस जीत के साथ औरंगाबाद की टीम ने खिताब पर अपना मजबूत दावा भी पेश कर दिया है।बुधवार की रात खेले गए मुकाबले में बलिया की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी। टॉस के बाद बल्लेबाजी करने उतरी टीम औरंगाबाद के सटीक और अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण का सामना नहीं कर सकी। निर्धारित 10 ओवरों के मैच में बलिया की पूरी टीम मात्र 38 रन बनाकर सिमट गई।

औरंगाबाद के गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। नतीजतन बलिया की टीम कभी भी मुकाबले में वापसी करती नजर नहीं आई।39 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी औरंगाबाद की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र पांच ओवर में ही जीत दर्ज कर ली। बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत करते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाया और लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। टीम की शानदार जीत पर मैदान में मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।

टूर्नामेंट का उद्घाटन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे तथा कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य ने संयुक्त रूप से किया। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया।इस अवसर पर डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं। खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।

वहीं विनोद कुमार मौर्य ने कहा कि गांवों में खेल गतिविधियों के विस्तार से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है और समाज में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल बनता है।कार्यक्रम में बक्सर जिला किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजय कुमार पांडे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय कुमार दुबे, महेंद्र चौबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में सोनू कुमार, ओम प्रकाश यादव, प्रियांशु राय, श्रीभगवान कुमार, विमलेश राय, जनार्दन यादव और हरेंद्र राम समेत स्थानीय युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

