केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर प्रखंड के खीरी पंचायत अंतर्गत कोनौली गांव के रहने वाले रूद्र राहुल कुशवाहा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। झारखंड के धनबाद में 25 जनवरी को आयोजित मैथन मेनिया रेसलिंग चैंपियनशिप में उन्होंने टैग टीम वर्ग का खिताब जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस प्रतिष्ठित रेसलिंग प्रतियोगिता का आयोजन विश्व प्रसिद्ध रेसलर द ग्रेट खली के नेतृत्व में किया गया था।इस चैंपियनशिप में देश-विदेश के नामचीन रेसलिंग खिलाड़ियों ने भाग लिया। भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवानों ने रिंग में उतरकर अपने दमखम का प्रदर्शन किया, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक रहे।

रूद्र राहुल कुशवाहा ने शानदार रणनीति, ताकत और तकनीक का परिचय देते हुए यूके के चर्चित रेसलर पार्कर बोरडॉक्स की टीम को हराकर टैग टीम चैंपियनशिप अपने नाम की।यह पहली बार नहीं है जब रूद्र राहुल ने सफलता का परचम लहराया हो। इससे पहले वे खली डू स्टेट चैंपियनशिप और नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप जैसे बड़े खिताब भी जीत चुके हैं। रेसलिंग के साथ-साथ वे मिक्स्ड मार्शल आर्ट के भी खिलाड़ी हैं और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगातार हिस्सा लेते रहे हैं।

पिछले एक वर्ष से रूद्र राहुल, द ग्रेट खली की कॉन्टिनेंटल रेसलिंग एंटरटेनमेंट अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं, जहां उनकी प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोचों द्वारा निखारा जा रहा है।इस उपलब्धि पर उनके पिता वंश नारायण सिंह, संजय सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता श्याम कुमार सिंह, पूर्व मुखिया मकरध्वज सिंह विद्रोही, शिक्षक धनंजय मिश्र सहित अन्य समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।