जिला स्थापना दिवस पर स्कूलों में रचनात्मकता और खेल प्रतिभा का संगम

जिला स्थापना दिवस के अवसर पर प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में छात्रों की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। स्थानीय खेल स्टेडियम से लेकर विद्यालय परिसरों तक उत्साह का माहौल देखने को मिला, जहां सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

जिला स्थापना दिवस पर स्कूलों में रचनात्मकता और खेल प्रतिभा का संगम

केटी न्यूज/राजपुर

जिला स्थापना दिवस के अवसर पर प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में छात्रों की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। स्थानीय खेल स्टेडियम से लेकर विद्यालय परिसरों तक उत्साह का माहौल देखने को मिला, जहां सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।मंगरॉव उच्च विद्यालय में शहीद भगत सिंह खेल क्लब के तत्वावधान में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्रों ने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर प्रधानाध्यापक राहुल सिंह एवं सुरेंद्र सिंह ने विजेता प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन और टीम भावना भी सिखाता है, जो जीवन में सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है।वहीं, रघुवंशी कुंवरी उच्च विद्यालय में पेंटिंग, वाद-विवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्रों ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत कर संदेश दिया। वाद-विवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

कार्यक्रम में पहुंचे एसआई सुनील कुमार साहू एवं एएसआई प्रवीण कुमार दुबे ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया। प्रधानाध्यापक ब्रजेश राय ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में अपनी संस्कृति और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।प्रतियोगिताओं में पेंटिंग में छोटी कुमारी, भाषण में निष्ठा कुमारी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम में अनु कुमारी, मधु कुमारी और रागिनी पाण्डेय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका श्वेता कुमारी, साधना गुप्ता, अंतिमा कुमारी, प्रिया कुमारी, अनामिका कुमारी सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।