जिला स्थापना दिवस पर 91 पंचायतों में खेल प्रतियोगिताओं की धूम
जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर 36वें जिला स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिले भर के पंचायत स्तर पर निर्मित 91 खेल मैदानों में भव्य खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मनरेगा अंतर्गत विकसित इन खेल मैदानों में पंचायत खेल क्लबों के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रमों में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

__ मनरेगा के खेल मैदानों में युवाओं ने दिखाया दमखम, बेहतर आयोजन करने वाले क्लब होंगे सम्मानित
केटी न्यूज/बक्सर:
जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर 36वें जिला स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिले भर के पंचायत स्तर पर निर्मित 91 खेल मैदानों में भव्य खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मनरेगा अंतर्गत विकसित इन खेल मैदानों में पंचायत खेल क्लबों के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रमों में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक चले इन आयोजनों में बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल समेत स्थानीय स्तर पर लोकप्रिय खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पंचायत खेल क्लब के अध्यक्ष, सचिव एवं शारीरिक शिक्षकों की अहम भूमिका रही।

हर पंचायत में खेल के प्रति उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।इस अवसर पर उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा आलोक नारायण वत्स ने विभिन्न खेल क्लबों को बैनर एवं मेडल प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल क्लबों के माध्यम से पारंपरिक एवं आधुनिक खेलों को बढ़ावा मिल रहा है, साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और निखारने का अवसर भी मिल रहा है।उन्होंने यह भी बताया कि ये खेल क्लब अब सामुदायिक केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं, जहां युवाओं को शारीरिक गतिविधियों के साथ-साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल रहा है।

स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत उपयोगी साबित हो रहे हैं।जिले के सभी पंचायतों में एक साथ हुए इस आयोजन का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला। खिलाड़ियों में खासा उत्साह रहा और पहली बार इतने व्यापक स्तर पर आयोजित कार्यक्रम ने नई ऊर्जा का संचार किया।उपाधीक्षक द्वारा विभिन्न खेल स्थलों का निरीक्षण कर कार्यक्रम की समीक्षा भी की गई और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया गया। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि जिन खेल क्लबों द्वारा सर्वश्रेष्ठ आयोजन किया जाएगा, उन्हें विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा।

