गाजीपुर की दमदार जीत, फाइनल में सासाराम से टक्कर

पुराना भोजपुर के ऐतिहासिक खेल मैदान में आयोजित कस्तूरबा स्मारक शील्ड फुटबॉल टूर्नामेंट का अंतिम सेमीफाइनल शुक्रवार को गाजीपुर और महेन के बीच खेला गया। मुकाबला काफी रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें गाजीपुर की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब फाइनल में उसका मुकाबला सासाराम की टीम से रविवार को होगा।

गाजीपुर की दमदार जीत, फाइनल में सासाराम से टक्कर

__ कस्तूरबा स्मारक शील्ड फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में महेन को 1-0 से हराया, निर्णायक गोल बने राशिद खान

केटी न्यूज/डुमरांव:

पुराना भोजपुर के ऐतिहासिक खेल मैदान में आयोजित कस्तूरबा स्मारक शील्ड फुटबॉल टूर्नामेंट का अंतिम सेमीफाइनल शुक्रवार को गाजीपुर और महेन के बीच खेला गया। मुकाबला काफी रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें गाजीपुर की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब फाइनल में उसका मुकाबला सासाराम की टीम से रविवार को होगा।मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में गाजीपुर और महेन दोनों ने कई अच्छे मौके बनाए, लेकिन गोल करने में असफल रहीं। मिडफील्ड में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और गेंद पर कब्जे को लेकर लगातार संघर्ष जारी रहा।

परिणामस्वरूप हाफ टाइम तक स्कोर 0-0 रहा।दूसरे हाफ में खेल ने नया मोड़ लिया। गाजीपुर की ओर से 15 नंबर जर्सी में खेल रहे मोहम्मद राशिद खान ने शानदार मूव बनाते हुए मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल दागा। इस गोल के बाद महेन की टीम ने बराबरी करने की भरपूर कोशिश की, लेकिन गाजीपुर की मजबूत डिफेंस लाइन के सामने उसे सफलता नहीं मिल सकी। अंततः गाजीपुर ने 1-0 की बढ़त बनाए रखते हुए मैच अपने नाम कर लिया।इससे पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में सासाराम की टीम ने जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया था।अब टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला गाजीपुर और सासाराम के बीच खेला जाएगा, जिसे लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह है।

आयोजकों का मानना है कि फाइनल मैच में भारी संख्या में दर्शकों की भीड़ उमड़ेगी।सेमीफाइनल मैच का उद्घाटन नगर परिषद डुमरांव के कार्यकारी सभापति विकास ठाकुर ने किया। इस अवसर पर पूर्व सरपंच प्रतिनिधि भरत चौधरी, नंदजी सिंह, विनोद वर्मा, राजू राय (मुखिया प्रतिनिधि), विनय सिंह, श्रीकांत ओझा और गोविंद शर्मा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन इस्लाम अंसारी ने किया, जबकि आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक जेपी सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।मैच का संचालन रेफरी पिंटू सिंह, चंदन सिंह, चुनमुन शर्मा और चांद खान ने निष्पक्ष तरीके से किया।

मैदान में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वार्ड पार्षदों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली।आयोजन समिति ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। अब सभी की निगाहें रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां गाजीपुर और सासाराम के बीच खिताब के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।