भदार में खेल प्रतियोगिता में बेटियों का दबदबा, संध्या ने दो दौड़ों में मारी बाजी
नवरात्रि के उत्सवी माहौल में भदार गांव का निर्मल कुमार जैन खेल मैदान शनिवार को युवाओं की खेल प्रतिभा और उत्साह का गवाह बना। नवयुवक दुर्गा पूजा समिति, भदार के तत्वावधान में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

__नवरात्रि पर बच्चों की प्रतिभा निखारने के लिए हर साल होता है आयोजन, 17 और 18 अक्टूबर को होंगी अन्य प्रतियोगिताएं
केटी न्यूज/नावानगर
नवरात्रि के उत्सवी माहौल में भदार गांव का निर्मल कुमार जैन खेल मैदान शनिवार को युवाओं की खेल प्रतिभा और उत्साह का गवाह बना। नवयुवक दुर्गा पूजा समिति, भदार के तत्वावधान में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया, जबकि बालिका वर्ग में संध्या कुमारी ने दो स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुखिया प्रतिनिधि हवलदार रजक, जिला परिषद के भावी प्रत्याशी कविलाश सिंह, सरपंच मनोज कुमार और पूजा समिति के कोषाध्यक्ष अनिल सिंह ने संयुक्त रूप से किया। आयोजकों का उद्देश्य धार्मिक आयोजन के साथ ग्रामीण बच्चों को शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता के बालिका वर्ग की 100 मीटर और 1000 मीटर दौड़ में संध्या कुमारी ने पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालक वर्ग की 1600 मीटर दौड़ में अमन कुमार और 100 मीटर दौड़ में लवकुश ने बाजी मारी।

__ खेल के साथ बौद्धिक विकास पर भी जोरः
समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष नवरात्रि के अवसर पर खेलकूद के साथ नाटक और लिखित प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाता है। इससे ग्रामीण बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। आगामी 17 अक्टूबर को लंबी कूद, ऊंची कूद और गोला फेंक, जबकि 18 अक्टूबर को लिखित प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका सुनील कुमार, कुणाल, राकेश, मनीष, क्षितिज और रणवीर ने निभाई। वहीं, चित्तू, विकास, अमरेंद्र, श्रवण, भोला और रंजीत ने लाइंसमैन की जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम का संचालन विमल कुमार सिंह ने किया। मौके पर मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों ने आयोजन की सराहना करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

