एनएच 922 पर रांग साइड से चल रही स्कार्पियों ने बाइक में मारी टक्कर, दो की हालत गंभीर

एनएच 922 पर रांग साइड से चल रही स्कार्पियों ने बाइक में मारी टक्कर, दो की हालत गंभीर

सोमवार को कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव के पास हुई घटना

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव के पास सोमवार को एनएच 922 पर एक स्कार्पियों व बाइक की आमने सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय पुलिस तथा राहगीरों की सहायता से उन्हें इलाज के लिए डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनकी बिगड़ती हालत को देख सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया गया।

घटना सुबह करीब 10 बजे के आस पास की बताई जा रही है। घटना को अंजाम देने के बाद स्कार्पियों चालक अपना वाहन छोड़ फरार हो गया है। पुलिस वाहन को जब्त कर जांच में जुटी है। बताया जाता है कि स्कार्पियों गलत लेन में व तेज रफ्तार चल रही थी। जिस कारण यह दुर्घटना हुई। जख्मियों की पहचान डुमरांव स्टेशन रोड के रवि यादव के 18 वर्षीय पुत्र अमन कुमार व सुबोध

पांडेय के 19 वर्षीय पुत्र विवके पांडेय के रूप में हुई है। समाचार लिखे जाने तक दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को एक तेज रफ्तार स्कार्पियों बक्सर की तरफ से ब्रह्मपुर जा रही थी। चालक रांग साइड से वाहन चला रहा था। जबकि डुमरांव निवासी दोनों युवक एक बाइक पर बैठ ब्रह्मपुर की तरफ से डुमरांव आ रहे थे।

इसी दौरान नुआंव पुल के पास स्कार्पियों ने बाइक में धक्का मार दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि स्कार्पियों को जब्त कर चालक का पता लगाया जा रहा है। गौरतलब है कि एनएच 922 पर नुआंव से प्रताप सागर के बीच आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही है। अधिकांश दुर्घटनाएं वाहन चालकों की लापरवाही तथा रांग साइड से वाहन चलाने के कारण होती है।