शहीदों की याद में हरियाली का संकल्प, ब्रह्मपुर थाना परिसर में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर ब्रह्मपुर थाना परिसर में शनिवार को शहीदों की स्मृति और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित विशेष पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि दक्षिण बिहार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर कारगिल युद्ध के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की।


केटी न्यूज/ब्रह्मपुर
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर ब्रह्मपुर थाना परिसर में शनिवार को शहीदों की स्मृति और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित विशेष पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि दक्षिण बिहार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर कारगिल युद्ध के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान आम, अमरूद, महोगनी सहित कई छायादार एवं पुष्पीय पौधों का रोपण किया गया तथा सभी ने उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्मपुर थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करने का अवसर है। ऐसे प्रेरणादायी दिवस पर पौधरोपण कर शहीदों को श्रद्धांजलि देना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है और प्रत्येक व्यक्ति को पौधा लगाने के साथ उसकी नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। आज लगाया गया हर पौधा शहीदों की अमर स्मृति का प्रतीक बनेगा और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम तथा प्रकृति संरक्षण की प्रेरणा देगा।पर्यावरण संरक्षण गतिविधि दक्षिण बिहार के जनसंवाद प्रमुख शैलेश कुमार ओझा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल सैन्य विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों के अद्वितीय साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का स्मरण कराने वाला गौरवपूर्ण दिवस है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भारतीय सैनिक सीमाओं की सुरक्षा कर राष्ट्र की रक्षा करते हैं और पुलिसकर्मी समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखते हैं, उसी प्रकार पेड़-पौधे मानव जीवन को प्रदूषण और पर्यावरणीय संकट से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इसलिए शहीदों के सम्मान में पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना भी सच्ची श्रद्धांजलि है।इस अवसर पर सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के कार्यकर्ता आकाश पाराशर, राकेश कश्यप, दिनेश कुमार, अनिल यादव, राहुल कुमार, बाबा बरमेश्वर नाथ मंदिर के पुजारी विमलेश बाबा, थाना के पुलिसकर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प दोहराया।

