सावधान : बक्सर में सक्रिय है नशा खुरानी गिरोह, महिला को बनाया शिकार

सावधान : बक्सर में सक्रिय है नशा खुरानी गिरोह, महिला को बनाया शिकार

- नगर थाने के पास की है घटना, पुलिस को नहीं है जानकारी

- अकेली बाजार करने गई महिला को बातों में उलझा चेहरे पर रूमाल झाड़ बनाई शिकार

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर में चोर उचक्कों के साथ ही नशा ,खुरानी गिरोह भी सक्रिय हो गया है। खास यह कि नशा खुरानी गिरोह में महिलाएं भी शामिल है जो अकेली बाजार में घुमने वाली महिलाओं को अपना शिकार बना रही है। सोमवार की देर शाम एक नगर थाना से महज चंद कदम दूर एक ऐसी घटना प्रकाश में आई है।

जिसमें नशा खुरानी गिरोह की दो महिलाओं ने मिल एक महिला के चेहरे पर रूमाल झाड़ उसे अर्द्ध बेहोश करने के बाद किला मैदान में ले जाकर उसके मंगलसूत्र व कान की बाली तथा पर्स से एक हजार नगद रूपए निकाल लिए। पीड़िता मूलतः राजपुर थाना क्षेत्र के एकडाढ़ गांव की रहने वाली है तथा बक्सर के शिक्षक कॉलोनी में घर बना अपने परिवार के साथ रहती है। उसके पति दिलबाग सिंह यादव सीआरपीएफ के जवान है।

पीड़िता की मानें तो वह सोमवार की शाम बाजार करने गई थी। उधर से लौटने के दौरान किला मैदान के पास अचानक दो महिलाएं उसके पास आई तथा नाथ बाबा मंदिर जाने का रास्ता पूछी। अभी वह मंदिर का रास्ता बता ही रही थी, तभी उसमें से एक महिला ने मेरे चेहरे के सामने रूमाल झाड़ दिया। जिसके बाद मैं अपना होश खो दी। इसके बाद दोनों महिलाएं मुझे किला मैदान में ले जाकर मंगलसूत्र व कान की बाली लूट ली तथा पर्स में रखे एक हजार रूपए भी ले लिए।

थोड़ी देर बाद होश आने पर मैं किसी तरह एक ई रिक्शा पकड़ अपने घर आई। पीड़िता की मानें तो गहने की कीमत करीब 45 हजार रूपए है। हालांकि, पीड़िता ने इसकी शिकायत दर्ज नहीं कराई है। जिस कारण पुलिस को इस घटना की भनक नहीं लग पाई है। लेकिन, नगर थाने के पास सरेशाम ऐसी घटना होने से कई सवाल खड़े हो रहे है। वही शहर में नशा खुरानी गिरोह के सक्रिय होने से अकेली बाजार में जाने वाली महिलाओं में भय व्याप्त है। 

कहते है थानाध्यक्ष

किसी महिला के नशा खुरानी गिरोह के शिकार होने की जानकारी नहीं मिली है। यदि पीड़िता शिकायत दर्ज कराती है तो इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में पुलिस गश्त को तेज कर दिया गया है। - संजय कुमार सिन्हा, नगर थानाध्यक्ष, बक्सर