बधार में अधेड़ की मौत से सनसनी, चप्पल ने बढ़ाया रहस्य
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवा गांव के पश्चिमी बधार में सोमवार की सुबह अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नोनियापुरा गांव निवासी रमई केवट (50) के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल, बक्सर भेज दिया।

__ शव से कुछ दूरी पर मिली चप्पल ने खड़े किए कई सवाल, करंट से मौत की आशंका के बीच पुलिस हर पहलू की कर रही जांच
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवा गांव के पश्चिमी बधार में सोमवार की सुबह अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नोनियापुरा गांव निवासी रमई केवट (50) के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल, बक्सर भेज दिया। हालांकि, शव से कुछ दूरी पर मृतक की चप्पल मिलने के बाद पूरा मामला सवालों के घेरे में आ गया है।सोमवार की सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर बधार में पड़े शव पर पड़ी। सूचना फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों की सूचना पर कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव के आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की और संभावित साक्ष्यों को सुरक्षित किया।

__चप्पल ने उलझाई मौत की गुत्थी
मामले में सबसे अहम सवाल शव से अलग स्थान पर मृतक की चप्पल मिलने को लेकर उठ रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रमई की मौत उसी स्थान पर हुई थी या फिर किसी अन्य जगह घटना होने के बाद शव को बधार में लाकर छोड़ा गया। हालांकि, अभी तक शव को कहीं और से लाकर ठिकाने लगाए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। चप्पल की स्थिति और घटनास्थल से उसकी दूरी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई है।पुलिस के अनुसार शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर मिले निशानों और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है। लेकिन पुलिस ने इसे अंतिम कारण नहीं माना है।थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घटनास्थल, आसपास के क्षेत्र और मृतक की मौत से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि अधेड़ की मौत हादसा थी या इसके पीछे कोई और कहानी छिपी है।

