चौसा में एनडीए की ताकत दिखी, जनप्रतिनिधियों ने कन्हैया प्रसाद के पक्ष में भरी हुंकार

स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र भोजपुर सह बक्सर के चुनाव को लेकर सोमवार को चौसा में राजनीतिक सरगर्मी तेज दिखी। महर्षि च्यवन विद्यालय परिसर में आयोजित प्रखंड स्तरीय बैठक में एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद के समर्थन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और विभिन्न दलों के पदाधिकारी जुटे। बैठक के जरिए पंचायत स्तर के प्रतिनिधियों को एकजुट कर चुनावी समर्थन मजबूत करने की रणनीति पर जोर दिया गया।

चौसा में एनडीए की ताकत दिखी, जनप्रतिनिधियों ने कन्हैया प्रसाद के पक्ष में भरी हुंकार

__ प्रखंड स्तरीय बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों को साधने की कवायद, विकास और सम्मान के मुद्दे पर मांगा समर्थन

केटी न्यूज/चौसा

स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र भोजपुर सह बक्सर के चुनाव को लेकर सोमवार को चौसा में राजनीतिक सरगर्मी तेज दिखी। महर्षि च्यवन विद्यालय परिसर में आयोजित प्रखंड स्तरीय बैठक में एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद के समर्थन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और विभिन्न दलों के पदाधिकारी जुटे। बैठक के जरिए पंचायत स्तर के प्रतिनिधियों को एकजुट कर चुनावी समर्थन मजबूत करने की रणनीति पर जोर दिया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू नगर अध्यक्ष रामबाबू ने की, जबकि संचालन भाजपा नेता अमर गोंड़ ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में संदेश विधायक राधाचरण सेठ शामिल हुए। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्राधिकार चुनाव में जनप्रतिनिधियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और लोकतंत्र की मजबूती में पंचायत प्रतिनिधियों का बड़ा योगदान रहता है।

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने हमेशा विकास, सुशासन और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी है। पंचायत प्रतिनिधियों के मान-सम्मान और अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए गए हैं। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों से अपील की कि वे एकजुट होकर एनडीए प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद को विजयी बनाएं, ताकि क्षेत्र की आवाज और मजबूती से सदन तक पहुंच सके।प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद ने जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत स्तर के निर्वाचित सदस्य लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं। उनके अधिकार, सम्मान और सुविधाओं के लिए वे लगातार संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और प्रतिनिधियों की आवाज उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।

उन्होंने अपने परिवार के राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व में भी पंचायत प्रतिनिधियों के हित में कई महत्वपूर्ण पहल की गई थीं और आगे भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाया जाएगा।बैठक में जिला स्तर से लेकर प्रखंड स्तर तक एनडीए समर्थित दलों के कई पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, वार्ड सदस्य, मुखिया, सरपंच तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में चुनावी रणनीति, बूथ स्तर पर संपर्क अभियान और मतदाताओं से संवाद को लेकर भी चर्चा की गई। चौसा की इस बैठक को स्थानीय प्राधिकार चुनाव में एनडीए की शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।