बीस सूत्री बैठक में छाया अतिक्रमण, बिजली और खाद-बीज का मुद्दा
प्रखंड मुख्यालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित बीस सूत्री की बैठक में जनसमस्याओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। बैठक की अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष फुटुचंद सिंह एवं उपाध्यक्ष ठाकुर प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन बीडीओ सिद्धार्थ कुमार ने किया।

__ सदस्यों ने अधिकारियों के समक्ष रखीं जनसमस्याएं, धान बीज की अनुपलब्धता पर जताई नाराजगी
केटी न्यूज/राजपुर
प्रखंड मुख्यालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित बीस सूत्री की बैठक में जनसमस्याओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। बैठक की अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष फुटुचंद सिंह एवं उपाध्यक्ष ठाकुर प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन बीडीओ सिद्धार्थ कुमार ने किया। बैठक की शुरुआत में बीडीओ ने पिछली बैठक में सदस्यों द्वारा उठाए गए सवालों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद सदस्यों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया।बैठक में सबसे अधिक चर्चा सरकारी जमीन पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर हुई। सदस्यों ने कहा कि पंचायतों के आसपास लगने वाले ग्रामीण बाजारों के समीप सरकारी भूमि पर लगातार कब्जा किया जा रहा है।

जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सदस्य इंदु देवी ने नागपुर पंचायत के वार्ड संख्या एक में पिछले तीन वर्षों से खराब पड़े नल-जल योजना का मुद्दा उठाया और जल्द समाधान की मांग की।सदस्य उमेश यादव ने भलुहा-रघुनाथपुर मार्ग के बीच लगे बिजली के खंभे को दुर्घटना का कारण बताते हुए उसे हटाने की मांग की। वहीं जलहरा मंदिर और धनसोई बाजार में अतिक्रमण का मामला भी बैठक में उठाया गया। सदस्य विराट राय ने जलहरा से कोनौली तक बनने वाली सड़क का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताई और कहा कि जल्द कार्य शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ सकता है।कृषि विभाग की ओर से बीएओ ऋषिकेश यादव ने खरीफ फसल की तैयारियों पर चर्चा करते हुए किसानों से मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने की अपील की।

उन्होंने मड़वा और बाजरा की खेती के साथ जलवायु अनुकूल खेती के तहत जीरो टिलेज तकनीक से धान की बुवाई की जानकारी दी। हालांकि सदस्यों ने समय पर धान बीज उपलब्ध नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि धान का बिचड़ा डालने का समय निकलने वाला है, लेकिन अभी तक किसानों को बीज नहीं मिल पाया है।बैठक में खाद की उपलब्धता और कालाबाजारी का मुद्दा भी उठा। सदस्य अमित कुशवाहा ने धनसोई बाजार में खाद की कथित कालाबाजारी और पॉस मशीन के गलत उपयोग की शिकायत की। विद्युत व्यवस्था को लेकर भी सदस्यों ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि आंधी-पानी में घंटों बिजली बाधित रहती है और कई जगह खंभे गिरने की समस्या बनी रहती है।

विद्युत कनीय अभियंता अजीत कुमार ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने समय पर कचरा उठाव नहीं होने की शिकायत की। बीसी रूपेश कुमार ने जल्द व्यवस्था सुधारने की बात कही। बैठक में दयाशंकर सिंह, लक्ष्मीना देवी, बीपीआरओ अभिषेक पाठक, बीएचओ मुन्ना सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। शिक्षा विभाग का कोई प्रतिनिधि उपस्थित नहीं होने पर वरीय अधिकारियों को अवगत कराने की बात कही गई।

