विरासत से रूबरू हुए बच्चे, टेराकोटा कला ने मोहा मन
अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर सोमवार को बक्सर स्थित सीताराम उपाध्याय संग्रहालय में भव्य डिजिटल प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘हमारी विरासत, हमारा गर्व’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।


--अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर सीताराम उपाध्याय संग्रहालय में डिजिटल प्रदर्शनी, डीएम और डीडीसी ने किया पौधरोपण
केटी न्यूज/बक्सर
अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर सोमवार को बक्सर स्थित सीताराम उपाध्याय संग्रहालय में भव्य डिजिटल प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘हमारी विरासत, हमारा गर्व’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी साहिला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त निहारिका छवि विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संयोजन सहायक संग्रहालय अध्यक्ष प्रतिमा कुमारी ने किया।

मुख्य व्याख्याता के रूप में डुमरांव राज हाई स्कूल के प्रभारी प्रधानाचार्य अनुराग कुमार मिश्रा ने छात्रों को संग्रहालयों के महत्व और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि संग्रहालय केवल प्राचीन वस्तुओं का भंडार नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता और इतिहास को समझने का सशक्त माध्यम हैं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने बच्चों से अपनी जड़ों और इतिहास को जानने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी विरासत को सहेजकर रखता है, वही भविष्य में मजबूत पहचान कायम करता है। इस दौरान बच्चों ने संग्रहालय का भ्रमण कर विभिन्न ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को करीब से देखा तथा उनसे जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सहायक संग्रहालय अध्यक्ष प्रतिमा कुमारी द्वारा प्रस्तुत विशेष डिजिटल पावरपॉइंट प्रदर्शनी रही। इसमें बक्सर की विश्वप्रसिद्ध टेराकोटा कलाकृतियों, मौर्य एवं कुषाण काल की मृण्मूर्तियों और उनके ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। प्रस्तुति ने छात्रों और शिक्षकों को प्राचीन भारतीय कला की समृद्ध परंपरा से परिचित कराया।इसके अलावा आयोजित ‘कला बोध’ सत्र में संस्कार भारती बक्सर इकाई के संरक्षक अभिनव कुमार ने प्राचीन मिट्टी एवं प्रस्तर कला की बारीकियों से छात्र-छात्राओं को अवगत कराया। उनके व्याख्यान ने विद्यार्थियों में पारंपरिक भारतीय कला के प्रति विशेष रुचि पैदा की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त ने संग्रहालय परिसर में पौधरोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय बक्सर, डीएवी पब्लिक स्कूल बक्सर, एमपी हाई स्कूल, नेहरू स्मारक हाई स्कूल और गर्ल हाई स्कूल सहित कई विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

