चौसा में विकास की रफ्तार तेज करने की तैयारी, जनसुविधाओं पर फोकस के साथ टैक्स में बड़ी राहत

नगर पंचायत चौसा में विकास योजनाओं को नई गति देने की दिशा में ठोस पहल की गई है। नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित सशक्त स्थायी समिति की बैठक में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद किरण देवी ने की, जबकि संचालन कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी द्वारा किया गया।

चौसा में विकास की रफ्तार तेज करने की तैयारी, जनसुविधाओं पर फोकस के साथ टैक्स में बड़ी राहत

__ सशक्त स्थायी समिति की बैठक में स्ट्रीट लाइट, पानी, श्मशान और सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को मंजूरी; 30 मार्च तक होल्डिंग टैक्स पर पेनल्टी-ब्याज माफ

केटी न्यूज/चौसा

नगर पंचायत चौसा में विकास योजनाओं को नई गति देने की दिशा में ठोस पहल की गई है। नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित सशक्त स्थायी समिति की बैठक में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद किरण देवी ने की, जबकि संचालन कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी द्वारा किया गया।बैठक में शहर की जरूरतों और स्थानीय समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विकास का व्यापक खाका तैयार किया गया। खासकर गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। निर्णय लिया गया कि जिन वार्डों में पाइपलाइन की सुविधा नहीं है, वहां चापाकल लगाए जाएंगे, वहीं समरसेबल और पानी टंकी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी ताकि लोगों को पानी के लिए परेशानी न झेलनी पड़े।

नगर क्षेत्र में रोशनी और सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए हर वार्ड में आवश्यकता के अनुसार स्ट्रीट लाइट लगाने का फैसला लिया गया। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर हाई मास्ट लाइट और सीसीटीवी कैमरों का विस्तार भी किया जाएगा, जिससे रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके।श्मशान घाट जैसी जरूरी सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। आर एंड आर मद से वहां दो हाई मास्ट लाइट लगाने और एक शव वाहन खरीदने की स्वीकृति दी गई है, ताकि अंतिम संस्कार से जुड़ी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।इसके अलावा, नगर के सार्वजनिक स्थलों को अधिक उपयोगी और सुविधाजनक बनाने के लिए सामुदायिक शेड निर्माण और सीमेंटेड कुर्सियों की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। नाली और गली से संबंधित लंबित योजनाओं को भी हरी झंडी दे दी गई है, जिन्हें जल्द ही निविदा प्रक्रिया के जरिए पूरा कराया जाएगा।

कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने बैठक के बाद कहा कि चौसा के समग्र विकास में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी योजनाओं को सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से लागू किया जाएगा, ताकि आम लोगों को सीधा लाभ मिल सके।वहीं, आम जनता को राहत देते हुए मुख्य पार्षद किरण देवी ने होल्डिंग टैक्स को लेकर बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि 30 मार्च तक टैक्स जमा करने वाले उपभोक्ताओं को पेनल्टी और ब्याज से पूरी तरह छूट दी जाएगी। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाते हुए समय पर कर का भुगतान करें।बैठक में उप मुख्य पार्षद सरिता देवी, समिति सदस्य ललिता देवी, चंदन चौधरी, आनंद कुमार रावत समेत अन्य जनप्रतिनिधि और नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे।