एके शर्मा के खिलाफ सपा मीडिया सेल पर मुकदमा, राजनीतिक हलचल तेज

मऊ। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एके शर्मा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए मऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) मीडिया सेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

एके शर्मा के खिलाफ सपा मीडिया सेल पर मुकदमा, राजनीतिक हलचल तेज

केटी न्यूज़/ मऊ

मऊ। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एके शर्मा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए मऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) मीडिया सेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा मंत्री के भाई की तहरीर पर दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है, जिससे प्रदेश में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।

कैबिनेट मंत्री के भाई, अरुण कुमार शर्मा ने सरायलखंसी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि सपा मीडिया सेल की ओर से लगातार मंत्री और उनके परिवार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा मीडिया सेल के एक एक्स हैंडल पर मंत्री एके शर्मा और उनके परिवार के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गई हैं। 

अरुण कुमार ने कहा कि सपा मीडिया सेल द्वारा लगाए गए आरोप झूठे और तथ्यहीन हैं। इस तरह के अनर्गल आरोप लगाकर मंत्री और उनके परिवार की छवि को खराब करने की कोशिश की जा रही है। इस मामले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भी गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।

शिकायत के आधार पर सरायलखंसी थाने में सपा मीडिया सेल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 221, 352, 353 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की गहन जांच कर रही है।

वहीं, सपा मीडिया प्रकोष्ठ ने इस प्राथमिकी पर प्रतिक्रिया देते हुए एक पोस्ट में सवाल उठाया है कि मंत्री के भ्रष्टाचार के बारे में जो बातें कही जा रही हैं, क्या उनमें सच्चाई है? उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर कहा, “मंत्री महोदय ने अपने भाई के जरिए प्राथमिकी दर्ज करवा कर खुद साबित कर दिया है कि उनके भ्रष्टाचार से संबंधित जो खबरें हैं, वो सच हैं। भाजपा के अंदर भी मंत्री महोदय के परिवारवाद और भ्रष्टाचार की चर्चाएं हो रही हैं। मंत्री ने खुद इन बातों की पुष्टि कर दी है।”

सपा मीडिया प्रकोष्ठ ने यह भी कहा कि मंत्री महोदय अधिक चिंतित हैं और जब उनके भ्रष्टाचार के मामलों की सच्चाई सामने आएगी, तो स्थिति और भी खराब होगी। इस पोस्ट में मंत्री के शहरी विकास और बिजली विभाग से जुड़ी खबरों का भी जिक्र किया गया है।

एक अक्टूबर से सपा और मंत्री शर्मा के बीच तीखे संवाद एक्स पर चल रहे थे, लेकिन पांच अक्टूबर को दोनों के बीच का संवाद काफी अशोभनीय हो गया। सपा मीडिया प्रकोष्ठ ने मंत्री को सलाह देते हुए कहा, “मंत्री जी, अपने कार्यालय को समझाइए और व्यवहार में सुधार करें, आपको आज का समय दिया जा रहा है।”

उन्होंने एक अखबार में प्रकाशित सफाई कर्मचारियों से जुड़ी खबर को भी साझा किया, जिसमें अपमानजनक संदेश का उपयोग किया गया है।