एआई और कंप्यूटर शिक्षा को मिलेगी नई उड़ान, 28 जून को पटना में जुटेंगे राज्यभर के शिक्षक
बिहार में कंप्यूटर शिक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कंप्यूटर साइंस शिक्षकों को एकजुट करने की पहल तेज हो गई है। बिहार कंप्यूटर साइंस टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आगामी 28 जून को पटना के गांधी मैदान स्थित आईएमए हॉल में राज्यस्तरीय महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।


__ राज्यस्तरीय महासम्मेलन में तकनीकी शिक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और शिक्षकों की चुनौतियों पर होगा मंथन
केटी न्यूज/बक्सर
बिहार में कंप्यूटर शिक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कंप्यूटर साइंस शिक्षकों को एकजुट करने की पहल तेज हो गई है। बिहार कंप्यूटर साइंस टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आगामी 28 जून को पटना के गांधी मैदान स्थित आईएमए हॉल में राज्यस्तरीय महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में राज्यभर के कंप्यूटर साइंस शिक्षक, शिक्षा विशेषज्ञ और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल होंगे।सम्मेलन को सफल बनाने के लिए संगठन की ओर से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में संगठन सचिव श्रीपति झा और संगठन प्रवक्ता सह बक्सर जिला अध्यक्ष अंकुर कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में बक्सर की टीम ने कई जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और गणमान्य लोगों से मुलाकात कर उन्हें सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

अभियान के दौरान टीम ने विधान पार्षद नवल किशोर यादव, विधान पार्षद अशफाक अहमद, पूर्व मंत्री डॉ. मदन मोहन झा, जीवन कुमार, डॉ. संजय कुमार सिंह और डॉ. वीरेन्द्र नारायण यादव को आमंत्रण पत्र सौंपा। इस दौरान कंप्यूटर शिक्षा की मौजूदा स्थिति, शिक्षकों की समस्याओं, विद्यालयों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बेहतर इस्तेमाल, डिजिटल शिक्षा के विस्तार और तकनीकी शिक्षा के भविष्य को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।गणमान्य लोगों ने सम्मेलन के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि बदलते दौर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और नई तकनीकों का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे समय में कंप्यूटर साइंस शिक्षकों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद जरूरी हैं और उन्होंने सम्मेलन में सहयोग एवं सहभागिता का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर संगठन के सक्रिय सदस्य राकेश प्रधान, विवेक निगम, श्याम जी, किशोर कुणाल, विद्यासागर जी, दीपक कुमार, आशीष जी, रवि कुमार, अप्पू जी, संजीव कुमार, तनु श्रीवास्तव और मिस पूजा सहित कई शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद रहे।संगठन के अनुसार, यह महासम्मेलन राज्यभर के कंप्यूटर साइंस शिक्षकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा। इसमें शिक्षा के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग, तकनीकी नवाचार, विषय से जुड़ी चुनौतियों, शिक्षक सशक्तिकरण और भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया जाएगा।संगठन प्रवक्ता एवं बक्सर जिला अध्यक्ष अंकुर कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य कंप्यूटर साइंस शिक्षकों को संगठित करना, शिक्षा व्यवस्था में एआई के उपयोग को बढ़ावा देना और बिहार में तकनीकी शिक्षा को नई दिशा देना है। उन्होंने कहा कि “एआई से सक्षम शिक्षक, तकनीक से मजबूत शिक्षा और भविष्य के लिए तैयार विद्यार्थी” के संकल्प के साथ संगठन इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में जुटा है।

