18 अगस्त को पंचायत स्तर पर लगेंगे सहयोग शिविर, मौके पर होगा समस्याओं का समाधान

आमजनों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से 18 अगस्त को जिले की विभिन्न पंचायतों में पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

18 अगस्त को पंचायत स्तर पर लगेंगे सहयोग शिविर, मौके पर होगा समस्याओं का समाधान

__ दो पालियों में जिले की 25 पंचायतों में होगा आयोजन, प्रशासनिक व विभागीय अधिकारी रहेंगे मौजूद

केटी न्यूज/बक्सर। 

आमजनों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से 18 अगस्त को जिले की विभिन्न पंचायतों में पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। आम नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन शिविर में जमा कर सकेंगे, जिनका स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने का प्रयास किया जाएगा।जिला प्रशासन के अनुसार, प्रथम पाली में पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर एक बजे तक बक्सर प्रखंड की बोक्सा, इटाढ़ी की बड़कागांव, राजपुर की धनसोई एवं बन्नी, डुमरांव की नंदन, ब्रह्मपुर की एकरासी, सिमरी की पैगंबरपुर एवं डुमरी तथा नावानगर की बेलहरी पंचायत में शिविर लगेगा।

वहीं, द्वितीय पाली में दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक ब्रह्मपुर की योगियां एवं कांट, इटाढ़ी की हरपुर-जयपुर, राजपुर की दुल्फा एवं कैथरकला, डुमरांव की सोवां, सिमरी की केशोपुर एवं गायघाट, बक्सर की वरुना एवं जगदीशपुर तथा नावानगर की मणिया पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे।शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों एवं जनसमस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जा सकेगा। प्रशासन का उद्देश्य लोगों को प्रखंड अथवा जिला मुख्यालय का चक्कर लगाने से राहत दिलाते हुए पंचायत स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना है।

शिविर स्थलों पर आमजनों की सुविधा के लिए बैठने, शीतल पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने पंचायत में आयोजित शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन देने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया है।