पत्रकारिता के 25 वर्ष पूरे होने पर वरिष्ठ पत्रकार गिरीश कुमार द्विवेदी सम्मानित
प्रखंड मुख्यालय स्थित केसठ बाजार में वरिष्ठ पत्रकार गिरीश कुमार द्विवेदी के पत्रकारिता जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रविवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजद के वरिष्ठ नेता एवं डुमरांव विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुनील कुमार यादव उर्फ पप्पू यादव शामिल हुए।

--निष्पक्ष व जनसरोकार की पत्रकारिता के लिए मिला सम्मान, पप्पू यादव रहे मुख्य अतिथि
केटी न्यूज/केसठ।
प्रखंड मुख्यालय स्थित केसठ बाजार में वरिष्ठ पत्रकार गिरीश कुमार द्विवेदी के पत्रकारिता जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रविवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजद के वरिष्ठ नेता एवं डुमरांव विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुनील कुमार यादव उर्फ पप्पू यादव शामिल हुए। समारोह में उपस्थित लोगों ने श्री द्विवेदी को अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न, कलम एवं कॉपी भेंटकर सम्मानित किया।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि गिरीश कुमार द्विवेदी ने पिछले 25 वर्षों से निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनसरोकार की पत्रकारिता करते हुए क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

किसानों की समस्याएं, शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों की स्थिति, सड़क, बिजली, सिंचाई, स्वास्थ्य सहित आमजन से जुड़े मुद्दों को उन्होंने लगातार समाचार पत्रों के माध्यम से प्रशासन और सरकार तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है।मुख्य अतिथि सुनील कुमार यादव उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकार समाज का आईना होता है। गिरीश कुमार द्विवेदी ने अपनी लेखनी के माध्यम से हमेशा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का उत्कृष्ट निर्वहन किया है।

सम्मान से अभिभूत गिरीश कुमार द्विवेदी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि निष्पक्ष और जनपक्षधर पत्रकारिता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि आगे भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और निर्भीकता के साथ समाज एवं क्षेत्र की आवाज़ को बुलंद करते रहेंगे।कार्यक्रम में शिक्षक मुकेश कुमार, विनोद कुमार गुप्ता उर्फ विनोद मास्टर, 99 मॉल के संचालक मुन्ना सिंह, वीरा समेत अन्य समाजसेवी एवं ग्रामीण मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने श्री द्विवेदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर जनसेवा की कामना करते हुए उनके पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

