गांधी के सत्य-अहिंसा और शास्त्री की सादगी को जनसेवा से जोड़ने का संकल्प

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार को बक्सर समाहरणालय परिसर में सादगी, सेवा और संकल्प का संदेश गूंजा। जिले की जिलाधिकारी साहिला ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को प्रशासनिक कार्यशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

गांधी के सत्य-अहिंसा और शास्त्री की सादगी को जनसेवा से जोड़ने का संकल्प

__ डीएम साहिला ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, शास्त्री के चित्र पर अर्पित की पुष्पांजलि; 

__ अधिकारियों-कर्मियों ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का लिया संकल्प

केटी न्यूज/बक्सर।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार को बक्सर समाहरणालय परिसर में सादगी, सेवा और संकल्प का संदेश गूंजा। जिले की जिलाधिकारी साहिला ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को प्रशासनिक कार्यशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। इस दौरान समाहरणालय परिसर स्थित वाटिका तथा कँवलदह पोखर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जी का सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह, स्वच्छता और जनसेवा का संदेश आज भी समाज और प्रशासन के लिए उतना ही महत्वपूर्ण है।

उनके विचार केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वर्तमान समय की सामाजिक चुनौतियों का समाधान तलाशने में भी मार्गदर्शन देते हैं। उन्होंने स्वच्छता, सामाजिक सद्भाव, अनुशासन और जनहित की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन इस बात की प्रेरणा देता है कि बदलाव केवल व्यवस्था से नहीं, बल्कि व्यक्ति के आचरण से भी आता है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर जिम्मेदारी निभाते हुए समाजहित में सकारात्मक भूमिका का निर्वहन करना चाहिए।वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन को याद करते हुए जिलाधिकारी ने उनकी सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को अनुकरणीय बताया।

उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का सार्वजनिक जीवन यह संदेश देता है कि जिम्मेदारी जितनी बड़ी हो, उसके निर्वहन में उतनी ही अधिक निष्ठा और पारदर्शिता होनी चाहिए।डीएम ने प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मियों से कहा कि लोकसेवा का वास्तविक उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना है। जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करना ही इन महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, वरीय उप समाहर्ता समेत विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। अंत में उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों ने गांधी एवं शास्त्री के आदर्शों को जीवन और कार्यशैली में उतारने तथा जनहित में पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।