ट्रेन से बिछुड़कर कृष्णाब्रह्म पहुंचा 10 वर्षीय बालक, पुलिस जुटी परिजनों से मिलाने में

दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत टुड़ीगंज स्टेशन के पास शनिवार को एक 10 वर्षीय बालक ट्रेन से बिछुड़कर भटकते हुए कृष्णाब्रह्म थाना पहुंच गया। बच्चे के मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लेते हुए उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास शुरू कर दिया है।

ट्रेन से बिछुड़कर कृष्णाब्रह्म पहुंचा 10 वर्षीय बालक, पुलिस जुटी परिजनों से मिलाने में

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत टुड़ीगंज स्टेशन के पास शनिवार को एक 10 वर्षीय बालक ट्रेन से बिछुड़कर भटकते हुए कृष्णाब्रह्म थाना पहुंच गया। बच्चे के मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लेते हुए उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास शुरू कर दिया है।मिली जानकारी के अनुसार बालक ने अपना नाम शिवम सैन गुप्ता बताया है। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने माता-पिता और भाई के साथ हावड़ा से नई दिल्ली जा रही दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा कर रहा था। यात्रा के दौरान वह टुड़ीगंज स्टेशन पर शौचालय जाने के लिए ट्रेन से नीचे उतर गया। इसी बीच ट्रेन अचानक आगे के लिए रवाना हो गई और वह वहीं छूट गया।

ट्रेन छूट जाने के बाद घबराया हुआ बालक इधर-उधर भटकता रहा और पूछते-पूछते किसी तरह कृष्णाब्रह्म थाना पहुंच गया, जहां उसने अपनी पूरी आपबीती पुलिस को बताई। बच्चे ने अपने पिता का नाम परिमल सैन गुप्ता बताया है। साथ ही उसने इतना ही बताया कि उसका घर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास है और स्टेशन के बगल में दो घर छोड़कर उसका मकान है।फिलहाल कृष्णाब्रह्म थाना की पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में रखा है। पुलिस बच्चे से मिली जानकारी के आधार पर उसके परिजनों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, ताकि जल्द से जल्द उसे उसके परिवार से मिलाया जा सके।इस संबंध में कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि ट्रेन से उतरने के कारण एक बच्चा अपने परिवार से बिछुड़ गया था, जो भटकते हुए थाना पहुंचा है। बच्चे को सुरक्षित रखा गया है और उसके माता-पिता से संपर्क कर उसे सकुशल उनके सुपुर्द करने का प्रयास किया जा रहा है।