राज कमल सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित

बाबा नगर बाईपास रोड स्थित कृष्ण निवास पर शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं सामाजिक रूप से सक्रिय रहे राज कमल सिंह उर्फ पाठा सिंह की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन उनके इकलौते पुत्र युवराज सिंह की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें शहर के विभिन्न वर्गों के गणमान्य लोग शामिल हुए।

राज कमल सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित

--सरल स्वभाव और जनसेवा के लिए याद किए गए ‘पाठा सिंह’, पुत्र युवराज सिंह को मिला समाज का संबल

केटी न्यूज/बक्सर

बाबा नगर बाईपास रोड स्थित कृष्ण निवास पर शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं सामाजिक रूप से सक्रिय रहे राज कमल सिंह उर्फ पाठा सिंह की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन उनके इकलौते पुत्र युवराज सिंह की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें शहर के विभिन्न वर्गों के गणमान्य लोग शामिल हुए।श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर स्वर्गीय राज कमल सिंह के चित्र पर नमन के साथ की गई। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि राज कमल सिंह सरल स्वभाव, मधुर व्यवहार और जनहित के कार्यों के लिए सदैव समर्पित रहे।

वे केवल एक सफल व्यवसायी ही नहीं, बल्कि समाज के हर सुख-दुख में सहभागी रहने वाले व्यक्ति थे।सभा को संबोधित करते हुए समाजसेवियों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों एवं राजनीतिक दलों के नेताओं ने एक स्वर में कहा कि उनका असमय जाना बक्सर शहर के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। वक्ताओं ने युवराज सिंह को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे उनके पिता के दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ें, इसके लिए समाज का हर वर्ग उनके साथ खड़ा है। जहां भी आवश्यकता पड़ेगी, सभी लोग सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय राज कमल सिंह की स्मृति में एक मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वातावरण भावुक हो उठा, जब लोगों ने उनके साथ बिताए गए संस्मरण साझा किए।सभा के अंत में युवराज सिंह ने उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बड़ों के चरणों में नमन करते हुए आशीर्वाद मांगा और कहा कि वे अपने पिता के आदर्शों को जीवन में उतारने का हरसंभव प्रयास करेंगे।

श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस नेता डॉ. सत्येंद्र कुमार ओझा, वार्ड संख्या 33 के पार्षद संतोष कुमार उपाध्याय, शिक्षक सुरंजन राय, सेवानिवृत्त शिक्षक ओम प्रकाश सिंह, सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर पांडे जी, अजीत पांडे, अधिवक्ता अमित, समाजसेवी विकास सिंह, नीरज सिंह, अजय सिंह, गुड्डू सिंह, अरुण जी, धर्मेंद्र यादव, राजेश सिंह, रितेश पांडे, भारत भूषण सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।