शौच के लिए निकले अधेड़ की कर्मनाशा नदी में डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

कर्मनाशा नदी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनारपुर गांव में शनिवार की सुबह रोजमर्रा की दिनचर्या निभाने निकले एक अधेड़ की नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया, वहीं परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

शौच के लिए निकले अधेड़ की कर्मनाशा नदी में डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

केटी न्यूज/चौसा

कर्मनाशा नदी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनारपुर गांव में शनिवार की सुबह रोजमर्रा की दिनचर्या निभाने निकले एक अधेड़ की नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया, वहीं परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।मृतक की पहचान बनारपुर निवासी 56 वर्षीय चुन्नीलाल चौधरी, पिता स्वर्गीय कवल चौधरी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, चुन्नीलाल चौधरी प्रतिदिन की तरह सुबह शौच के लिए घर से निकले थे।

इसी दौरान कर्मनाशा नदी के किनारे फिसलन भरी जमीन पर उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे नदी में जा गिरे। गहराई और तेज बहाव के कारण वे खुद को संभाल नहीं सके और देखते ही देखते पानी में डूबने लगे।कुछ देर बाद नदी की ओर गए ग्रामीणों की नजर पानी में डूबते व्यक्ति पर पड़ी। शोर मचते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें नदी से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी, जिससे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी शम्भू भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नदी में डूबने से मौत का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।इधर, अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घर का कमाऊ सदस्य चले जाने से परिवार पर संकट गहरा गया है। वहीं गांव में दिनभर मातमी सन्नाटा पसरा रहा।