समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर उमड़े ग्रामीण, नुआंव शिविर में 30 मामलों का त्वरित निपटारा
डुमरांव प्रखंड के नुआंव पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर ग्रामीणों के लिए राहत का केंद्र बना रहा। “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में पंचायत के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।


केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
डुमरांव प्रखंड के नुआंव पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर ग्रामीणों के लिए राहत का केंद्र बना रहा। “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में पंचायत के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। सुबह से ही पंचायत भवन परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी थी और विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर आवेदन जमा किए गए।शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन समेत कई विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे।

अधिकारियों एवं कर्मियों ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को तुरंत अग्रसारित किया।कुल 90 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 30 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष आवेदनों को जांच और निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि बाकी समस्याओं का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाएगा।शिविर में मद्य निषेध एवं ऊर्जा विभाग के सचिव सह जिला प्रभारी सचिव अजय यादव भी पहुंचे।

उन्होंने कहा कि बक्सर जिले के लोग सहयोगी और सरल स्वभाव के हैं तथा सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने पंचायत परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान एडीएम अरुण कुमार, एसडीओ राकेश कुमार, डीएसपी पोलस्त कुमार, डीसीएलआर तेस लाल सिंह, सीओ कुमार दिनेश, बीडीओ संदीप कुमार, पंचायत के मुखिया समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। शिविर को लेकर पूरे पंचायत क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा।

