आईटीआई में बन रहे अटल कला भवन व खेल मैदान का डीएम ने किया निरीक्षण
जिलाधिकारी साहिला ने गुरूवार को आईटीआई परिसर में निर्माणाधीन अटल कला भवन एवं खेल मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
-- लापरवाही पर कनीय अभियंता से कारण पृच्छा, नगर परिषद को सफाई व जल निकासी दुरुस्त करने का निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर
जिलाधिकारी साहिला ने गुरूवार को आईटीआई परिसर में निर्माणाधीन अटल कला भवन एवं खेल मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।डीएम ने भवन प्रमंडल बक्सर के कार्यपालक अभियंता को योजना के कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के क्रम में निर्माण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने भवन निर्माण निगम के कनीय अभियंता से कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया।

डीएम ने कहा कि कार्य में देरी या अनियमितता के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।खेल मैदान की स्थिति का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी को मैदान की समुचित साफ-सफाई कराने तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खेल मैदान युवाओं के शारीरिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र होता है, इसलिए इसकी उपयोगिता और सौंदर्य बनाए रखना आवश्यक है। साथ ही मैदान की चाहरदीवारी के समीप किए गए अस्थायी अतिक्रमण को यथाशीघ्र हटाने का भी निर्देश दिया, ताकि मैदान का क्षेत्र सुरक्षित और व्यवस्थित रह सके।खेल मैदान के कार्यों के अनुश्रवण और प्रगति की नियमित समीक्षा के लिए उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, बक्सर को विशेष रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई।

डीएम ने उन्हें निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर सतत निगरानी रखें तथा प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।निरीक्षण के उपरांत जिला पदाधिकारी ने हवाई अड्डा परिसर का भी दौरा किया। वहां हवाई अड्डा पथ की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को शीघ्र मरम्मत कार्य कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही जल जमाव की समस्या के समाधान हेतु प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।जिला पदाधिकारी के निरीक्षण से संबंधित विभागों में सक्रियता देखी गई। उन्होंने दोहराया कि जिले में चल रही सभी विकास योजनाओं को समय पर पूर्ण कर आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

